बड़वानी। शहर के राजघाट रोड पर रविवार सुबह करीब 11 बजे ईंट भरी ट्रैक्टर ट्रॉली खराब होने से चालक बीच रास्ते पर छोडक़र चला गया। इसके बाद बस स्टैंड और राजघाट रोड की ओर सैकड़ों वाहनों के चक्के थम गए। दरअसल रविवार को कृषि मंडी में सौंफ की बंपर आवक होने से यहां भी हजारों लोगों की आवाजाही रही। ऐसे में जाम लगने से बड़ी संख्या में वाहन और लोग फंसे रहे। सूचना पर कोतवाली के जवानों ने पहुंचकर तत्काल ट्रैक्टर के माध्यम से बंद ट्रैक्टर को खींचकर सडक़ से आगे किया। जिसके बाद मार्ग पर यातायात सुचारु हो पाया। वैसे सुबह से लेकर दोपहर बाद तक कृषि मंडी के सामने वाहनों का आवागमन रेंगते हुए जारी रहा।
बता दें कि वर्तमान में कृषि मंडी में सौंफ सीजन होने से रविवार सुबह से ही मंडी परिसर खचाखच भरा रहा। वही बाहर मार्ग के दोनों ओर सडक़ किनारे तक स्थाई दुकानें लगने से यातायात का दम घुटा। इस दौरान सांई अस्पताल के सामने ही बीच रोड पर ट्रैक्टर ट्रॉली खड़ी होने से यातायात बुरी तरह प्रभावित होकर वाहनों के चक्के थम गए। बड़वानी से राजघाट आवाजाही के साथ ही कृषि मंडी में सौंफ, मिर्च, मसाले आदि सामग्री खरीदी करने वाले भी जाम में बुरी तरह फंसे। किसानों की उपज भरे वाहनों को भी निकलने की जगह नहीं मिली। करीब आधे घंटे तक मंडी के कर्मी भी मशक्कत करते रहे। सूचना पर कोतवाली के चार-पांच जवान पहुंचे और बंद ट्रैक्टर के चालक को ढूंढकर अन्य ट्रैक्टर के माध्यम से खींचकर आगे बढ़ाया और जाम में फंसे वाहनों का आवागमन शुरु करवाया। इस दौरान बड़वानी से अर्थी लेकर जा रहा मुक्तिरथ भी काफी देर जाम में फंसा रहा।
वहीं इस सप्ताह मंडी में सीजन की रिकार्ड सौंफ आवक 937 बोरी में 609 क्विंटल रही। अधिकतम भाव 20 हजार रुपए और न्यूनतम 6 हजार रुपए प्रति क्विंटल रहा। व्यापारियों ने क्वालिटी अनुसार दाम तय किए। बंपर आवक के साथ अच्छे भाव मिलने से किसानों के चेहरे खिले नजर आए। हालांकि कुछ सौंफ उपज की क्वालिटी कमजोर होने से 60 से 100 रुपए किलो तक ही भाव मिले।

Continue With Google
Comments (0)