भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी ने जरूरतमंद मरीज को 5,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की
उमरिया। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा उमरिया ने मानवीय सेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए गंभीर बीमारी से पीड़ित एक जरूरतमंद मरीज के उपचार के लिए 5,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की। ग्राम पटौरियाखुर्द, तहसील बिलासपुर निवासी नरेश महर ने रेडक्रॉस सोसायटी को आवेदन देकर बताया था कि उनकी माता श्रीमती रत्नी बाई महर लंबे समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। उनका उपचार उमरिया, शहडोल, जबलपुर और नागपुर के विभिन्न अस्पतालों में कराया जा चुका है। चिकित्सकों ने उनके ऑपरेशन की सलाह दी है, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने तथा मजदूरी पर निर्भर रहने के कारण उपचार का खर्च उठाना संभव नहीं हो पा रहा था।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला अध्यक्ष श्रीमती राखी सहाय के निर्देशानुसार रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा मरीज के उपचार के लिए 5,000 का सहायता चेक प्रदान किया गया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर प्रत्यूष श्रीवास्तव , जिला सचिव राकेश शर्मा,एवं सभापति अखिलेश त्रिपाठी उपस्थित रहे। रेडक्रॉस सोसायटी ने कहा कि संस्था सदैव जरूरतमंद, असहाय एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी मानव सेवा के ऐसे कार्य निरंतर जारी रखे जाएंगे।
Comments (0)