खंडवा। शनिवार शाम 4 बजे आनंद नगर स्थित इंदिरा पार्क में फाग उत्सव का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में नगर की महापौर अमृता अमर यादव, चारुलता यादव सहित इंदिरा पार्क कॉलोनी की बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

फाग उत्सव के दौरान राधा-कृष्ण की झांकी के साथ फूलों की होली खेली गई, जिसमें सभी महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। भक्ति गीतों और फाग के मधुर सुरों के बीच महिलाओं ने जमकर नृत्य किया और एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह भक्तिमय और रंगों की खुशियों से सराबोर रहा। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और महिलाओं ने फाग उत्सव के माध्यम से होली पर्व की खुशियां साझा करते हुए आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया।