उदयपुरा में गूंजे भक्ति के स्वर,महायज्ञ का तीसरा दिन श्रृद्धालुओं की उमड़ी भीड़
गढ़ाकोटा। सागर जिले के गढाकोटा तहसील के अंतर्गत ग्राम उदयपुरा में चल रहे ग्यारह कुण्डीय शिव शक्ति रुद्र महायज्ञ एवं संगीतमयी शिव महापुराण कथा के तीसरा दिन भक्तिमय वातावरण में संपन्न हो रहा है। 21अप्रैल से प्रारंभ हुए इस भव्य धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
कार्यक्रम की शुरुआत कलश यात्रा एवं गणेश पूजन के साथ हुई थी,जिसके बाद से निरंतर धार्मिक अनुष्ठान जारी हैं। तीसरे दिन गृह स्थापना,ब्राह्मण वरण,देवता पूजन एवं मंडप प्रवेश जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक कार्य विधि-विधान से संपन्न किए जा रहे हैं।
यह आयोजन ग्रामवासियों के सहयोग एवं संत-महात्माओं के सान्निध्य में विश्व कल्याण की भावना से किया जा रहा है। आयोजन स्थल दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर है।
ग्राम उदयपुरा के सरपंच प्रतिनिधि भैया विश्वजीत सिंह ने बताया कि भगवान अर्धनारीश्वर महादेव एवं दक्षिणमुखी हनुमान जी की कृपा तथा स्वामी श्री कृष्णानंद जी महाराज की प्रेरणा से यह आयोजन सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे महायज्ञ समाज में सकारात्मक ऊर्जा और शांति का संचार करते हैं।
महायज्ञ में स्वामी श्री कृष्णानंद जी महाराज के साथ स्वामी श्री चंद्रपुरी जी महाराज, स्वामी श्री चेतनानंद जी महाराज, स्वामी श्री ब्रह्मानंद जी महाराज एवं स्वामी श्री गंगानंद जी महाराज द्वारा प्रतिदिन संगीतमयी कीर्तन एवं प्रवचन किए जा रहे हैं, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो रहे हैं।
वहीं, वृंदावन के प्रसिद्ध कथा व्यास श्री अभिमन्यु कृष्ण शास्त्री जी द्वारा शिव महापुराण कथा का रसपान कराया जा रहा है तथा यज्ञाचार्य पं.श्री राजेश दुबे (जबलपुर) द्वारा विधि-विधान से यज्ञ की समस्त प्रक्रियाएं संपन्न कराई जा रही हैं।
कार्यक्रम में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्म लाभ अर्जित कर रहे हैं, जिससे आयोजन स्थल पर आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।

Continue With Google
Comments (0)