ब्रह्माकुमारीज भाग्योदय भवन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर फाग उत्सव व सम्मान समारोह, महिलाओं को आध्यात्मिक सशक्तिकरण का संदेश

 

खंडवा।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ब्रह्माकुमारीज के भाग्योदय भवन, आनंद नगर में फाग उत्सव एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम ब्रह्माकुमारी शक्ति दीदी के सान्निध्य में सम्पन्न हुआ, जिसमें शहर की अनेक सामाजिक संस्थाओं और विशिष्ट महिलाओं ने सहभागिता की।

 

इस अवसर पर शक्ति दीदी ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आध्यात्मिक ज्ञान के माध्यम से महिलाएं अपने भीतर निहित शक्ति को पहचान सकती हैं और परिवार व समाज को सकारात्मक दिशा दे सकती हैं। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण में आध्यात्मिकता की महत्वपूर्ण भूमिका है और ज्ञान के माध्यम से ही महिलाओं में आत्मविश्वास, संस्कार और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।

 

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में महापौर अमृता यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी वानखेड़े, कांग्रेस शहर अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी, आर्मी से मोनिका सिंह, एमएलबी स्कूल की प्रिंसिपल ज्योत्सना सोनी एवं पूर्व महापौर अणिमा उबेजा विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

 

इस अवसर पर अखिल भारतीय साहित्य समूह, अखिल निमाड़ परशुराम वाहिनी समूह, तरंग वाहिनी समूह, ओजस क्लब, लीनस क्लब, लायंस क्लब, सहज योग समूह, पालीवाल समाज महिला मंडल, महिला कांग्रेस, ग्रीन मिशन वृक्ष मित्र, अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज, स्पोर्ट्स ग्रुप, अनंत ब्राह्मण समाज, इनरव्हील क्लब, भूमिजा महिला मंडल, पतंजलि समूह, संस्कार भारती एवं नर्मदेश्वर महिला मंडल सहित कई सामाजिक संगठनों की सहभागिता रही।

 

साथ ही ममता बोरसे, प्रो. मीना जैन, डॉ. रेनू सोनी, डॉ. अनिता माने, योगिता माहेश्वरी, मनीषा पाटिल सहित शहर की अनेक विशिष्ट महिलाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

 

कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों एवं संगठनों का तिलक, सम्मान पटका, बेज, ईश्वरीय सौगात एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मान किया गया।

 

कार्यक्रम के अंत में फूलों की होली और राधे-कृष्ण के मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति के साथ फाग उत्सव हर्षोल्लास और आध्यात्मिक वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन बीके संतोष दीदी द्वारा किया गया।