नेशनल मेरिट कम मीन्स परीक्षा में फतेहगढ़ के छात्रों का शानदार प्रदर्शन

फतेहगढ़, गुना: शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने नेशनल मेरिट कम मीन्स (NMMS) परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता का प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में विद्यालय के आठ छात्र-छात्राएं – रुपेश लोधी, रौनक अहिरवार, रितिका शर्मा, आरती भील, लखन बंजारा, अमित धाकड़, अगम अहिरवार, और वंश – चयनित हुए हैं।

इस महान उपलब्धि की खुशी में विद्यालय परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य श्री भगवत प्रसाद ओझा ने चयनित विद्यार्थियों को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी इस उपलब्धि पर सम्मानित किया गया।

प्राचार्य श्री ओझा ने अपने उद्बोधन में कहा, "विद्यार्थियों की यह सफलता उनके कठिन परिश्रम, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। विशेष बात यह है कि ये सफलता विद्यार्थियों ने बिना किसी निजी कोचिंग के प्राप्त की है।"

इस परीक्षा में चयनित प्रत्येक विद्यार्थी को शासन की ओर से ₹12,000 प्रतिवर्ष छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी, जो उनकी आगे की शिक्षा में आर्थिक सहयोग करेगी।

समारोह में उन समिति सदस्यों का भी सम्मान किया गया जो लगातार विद्यार्थियों को NMMS परीक्षा की तैयारी में मार्गदर्शन प्रदान करते रहे। प्रमुख रूप से श्री पर्वत सिंह राठौड़, श्री रवि कुमार बघेरा, श्री जितेन्द्र ओझा, श्री हरीश मालव, श्री राजेन्द्र शर्मा और श्री सूर्यकांत पांडे को प्राचार्य द्वारा पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया।

विद्यार्थियों ने प्राचार्य और विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय के मार्गदर्शन और प्रेरणा से ही वे इस परीक्षा में सफल हो सके हैं।

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य श्री भगवत प्रसाद ओझा ने सभी चयनित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और आश्वस्त किया कि विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निरंतर प्रेरित और मार्गदर्शन प्रदान करता रहेगा।

कार्यक्रम का समापन वरिष्ठ शिक्षक श्री गिरिराज मेहता जी द्वारा सभी अतिथियों, अभिभावकों, समिति सदस्यों और विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर सभी चयनित छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और मार्गदर्शक शिक्षकों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं।