उदयपुरा ग्राम के दादा दरबार में चल रही श्रीमद् भागवत कथा
गढाकोटा। सागर जिले गढ़ाकोटा तहसील के ग्राम उदयपुरा में आयोजित श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह का धार्मिक माहौल दिन-प्रतिदिन और अधिक भक्तिमय होता जा रहा है। शुक्रवार को इस सात दिवसीय आयोजन का छठवां दिन रहा, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
हनुमान दरबार उदयपुरा में चल रही इस पावन कथा का वाचन प्रसिद्ध कथावाचक ओमकार मिश्रा द्वारा किया जा रहा है। उनके मुखारविंद से निकली श्रीमद् भागवत कथा को सुनने के लिए आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। विशेष रूप से मातृशक्ति की उल्लेखनीय उपस्थिति देखने को मिली, जिससे पूरा परिसर भक्ति और श्रद्धा से सराबोर नजर आया।
कथा के दौरान कथावाचक ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और जीवन के आदर्शों का विस्तार से वर्णन किया, जिससे उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। उन्होंने बताया कि श्रीमद् भागवत कथा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने का माध्यम भी है।
इस अवसर पर गढाकोटा नगर पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि मनोज तिवारी भी कथा स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा श्रवण करने का आग्रह भी किया।
पूरे आयोजन के दौरान भक्तों में गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजक समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे सभी भक्तजन शांतिपूर्वक कथा का लाभ उठा सकें।
ग्राम उदयपुरा का यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र में आस्था और भक्ति का केंद्र बन गया है, जहां हर दिन श्रद्धालुओं की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है।

Continue With Google
Comments (0)