उदयपुरा (गढ़ाकोटा) में 21 अप्रैल से 11 कुण्डीय शिव शक्ति रुद्र महायज्ञ व शिव महापुराण कथा का भव्य आयोजन
गढ़ाकोटा। सागर जिले की तहसील गढ़ाकोटा अंतर्गत ग्राम उदयपुरा में 21 अप्रैल 2026 से 28 अप्रैल 2026 तक “श्री ग्यारह कुण्डीय शिव शक्ति रुद्र महायज्ञ एवं संगीतमयी शिव महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन ग्रामवासियों के सहयोग एवं संत-महात्माओं के सान्निध्य में विश्व कल्याण की भावना से संपन्न होगा।
ग्राम उदयपुरा के सरपंच प्रतिनिधि भैया विश्वजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि भगवान अर्धनारीश्वर महादेव एवं दक्षिण मुखी हनुमान जी की कृपा तथा स्वामी श्री कृष्णानन्द जी महाराज की प्रेरणा से यह विशाल धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विश्व में व्याप्त अशांति, दुख, दरिद्रता एवं प्राकृतिक संकटों से मुक्ति का एकमात्र उपाय महायज्ञ है।
इस महायज्ञ में यज्ञकर्ता स्वामी श्री कृष्णानंद जी महाराज के साथ स्वामी श्री चंद्रपुरी जी महाराज, स्वामी श्री चेतनानंद जी महाराज, स्वामी श्री ब्रह्मानंद जी महाराज एवं स्वामी श्री गंगानंद जी महाराज प्रतिदिन रात्रि में संगीतमयी कीर्तन एवं प्रवचन करेंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक पं. श्री गोपाल भार्गव जी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कथा व्यास के रूप में वृंदावन धाम के प्रसिद्ध वक्ता श्री अभिमन्यु कृष्ण शास्त्री जी तथा यज्ञाचार्य पं. श्री राजेश दुबे जी (जबलपुर) अपनी सेवाएं देंगे।
कार्यक्रम का विस्तृत विवरण:
21 अप्रैल (मंगलवार): कलश यात्रा एवं गणेश पूजन
22 अप्रैल (बुधवार): यजमान हेमाद्री, स्नान एवं रुद्राभिषेक
23 अप्रैल (गुरुवार): गृह स्थापना, ब्राह्मण वरण, देवता पूजन एवं मंडप प्रवेश
24 अप्रैल (शुक्रवार): अग्नि मंथन एवं हवन प्रारंभ
28 अप्रैल (मंगलवार): ब्राह्मण भोज, विशाल भंडारा एवं प्रसाद वितरण
नियमित कार्यक्रम:
यज्ञ हवन: प्रातः 7 बजे से
शिव पुराण कथा: दोपहर 3 बजे से
महारुद्राभिषेक: प्रतिदिन दोपहर 1 बजे
संगीतमयी प्रवचन: रात्रि 8 बजे से
यह आयोजन दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर, ग्राम उदयपुरा में संपन्न होगा। विशेष बात यह है कि श्रद्धालुओं के लिए महारुद्राभिषेक की नि:शुल्क व्यवस्था की गई है।
आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे इस पुण्य अवसर पर उपस्थित होकर यज्ञ में सहभागिता करें, संतों का आशीर्वाद प्राप्त करें और अपने जीवन को धन्य बनाएं।
इस भव्य आयोजन में आसपास के कई ग्राम जैसे खैरी,अकला,नरेटा,मैनाई,धोनाई,बाबूपुरा,गुंजौरा, फुलर,देवपुरा,झागरी,ऊंटखेड़ा,तखतगंज,बड़ी पठरिया,मोठार नायक,बिछिया,पिपरिया डिगर्रा सहित गढ़ाकोटा क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

Continue With Google
Comments (0)