नर्मदापुरम
पूज्य स्वामी ओंकारानंद जी गिरी की पुण्य स्मृति में भावपूर्ण समारोह आयोजित
नर्मदापुरम 14 जून। सत्संग भवन के संस्थापक पूज्य स्वामी ओंकारानंद जी गिरी की पुण्य स्मृति में सेठानी घाट स्थित स्थानीय सत्संग भवन में श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ पुण्य स्मृति समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, समाजसेवियों एवं धर्मप्रेमियों ने उपस्थित होकर पूज्य स्वामी जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
समारोह के अंतर्गत आयोजित भजनांजलि कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध संगीतकार पंडित राम परसाई एवं उनके साथियों ने भक्तिमय भजनों की मनोहारी प्रस्तुतियां देकर वातावरण को आध्यात्मिक रस से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर पूज्य स्वामी जी द्वारा रचित माँ नर्मदा के भजनों का भी सुमधुर गायन किया गया, जिसे उपस्थित जनों ने भावविभोर होकर सुना।
स्मृति सभा को संबोधित करते हुए पंडित संतबसंत वशिष्ठ, पंडित गिरी मोहन गुरु, समाजसेवी संतोष व्यास एवं साहित्यकार अशोक जमनानी ने संतों की महिमा का वर्णन करते हुए पूज्य स्वामी ओंकारानंद जी गिरी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंगों को साझा किया। वक्ताओं ने कहा कि स्वामी जी का जीवन समाज को आध्यात्मिक चेतना एवं सेवा का संदेश देने वाला रहा है।
कार्यक्रम में पूज्य भागवताचार्य पंडित सोमनाथ शर्मा ने स्वामी ओंकारानंद जी गिरी द्वारा रचित विभिन्न ग्रंथों पर प्रकाश डालते हुए उनके साहित्यिक एवं आध्यात्मिक योगदान को स्मरण किया।
समारोह के समापन अवसर पर जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष पंडित भवानी शंकर शर्मा, पंडित गिरिजा शंकर शर्मा, पंडित डॉ. गोपाल प्रसाद खड्डर, अभय वर्मा, महेंद्र चौकसे, प्रमोद सोनी, डॉ. नमन तिवारी, अजय सैनी एवं संतोष व्यास सहित उपस्थित श्रद्धालुओं ने पूज्य स्वामी जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. संजय गार्गव ने किया। अंत में सभी श्रद्धालुओं ने माँ नर्मदा जी के भंडारे में प्रसादी ग्रहण कर पुण्य स्मृति समारोह का समापन किया।

Continue With Google
Comments (0)