श्री हनुमान उत्सव पर नगर प्रमुख मार्गो से निकाली गई भव्य शोभा यात्रा लोगों ने किया जगह-जगह स्वागत

 

गढाकोटा। सागर जिले के गढ़ाकोटा में हनुमान जन्मोत्सव अत्यंत श्रद्धा,उत्साह और भक्ति के साथ गुरुवार को भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। पूरे नगर में धार्मिक वातावरण देखने को मिला और हर ओर जय श्रीराम व हनुमान जी के जयकारों की गूंज सुनाई दी।

कार्यक्रम की शुरुआत शाम 6 बजे मिश्रा मंदिर से गाजे बाजे,डीजे,अखाड़े के साथ भव्य शोभायात्रा के साथ हुई,जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्री सिद्ध बालाजी मंदिर पहुंची। इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए,जिससे नगर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। महिलाएं,पुरुष,युवा और बच्चे सभी बढ़-चढ़कर इस आयोजन का हिस्सा बने।

शोभायात्रा की विशेष आकर्षण विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की गई मनमोहक धार्मिक झांकियां रहीं। बाहुबली हनुमान,सीता स्वयंवर और अयोध्या में विराजमान रामलला की झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कलाकारों की प्रस्तुति इतनी जीवंत थी कि दर्शक भावविभोर हो उठे और कई स्थानों पर लोगों ने खड़े होकर तालियों से उनका स्वागत किया।

शोभायात्रा का नगरवासियों द्वारा जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए जलपान एवं प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई थी, जिससे आयोजन की भव्यता और भी बढ़ गई।

आयोजन के दौरान प्रशासन और समिति द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल एवं स्वयंसेवकों की सक्रिय उपस्थिति के चलते कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ।

इस भव्य आयोजन का संचालन श्री संकटमोचन हनुमान जन्मोत्सव समिति एवं रियल हेल्थ क्लब परिवार,गढ़ाकोटा के तत्वावधान में किया गया। यह 27 वां वर्ष है समिति के सदस्यों ने सभी श्रद्धालुओं,सहयोगकर्ताओं और नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से यह आयोजन हर वर्ष और अधिक भव्य होता जा रहा है।

समापन पर आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से न केवल आस्था मजबूत होती है, बल्कि समाज में एकता और भाईचारे का संदेश भी फैलता है। गढ़ाकोटा का यह आयोजन एक बार फिर धार्मिक समरसता और सामूहिक सहभागिता की मिसाल बनकर उभरा।