64 दिन में 1800 किमी पदयात्रा पूरी कर मुलताई पहुंची माँ ताप्ती परिक्रमा यात्रा, पुष्पवर्षा से हुआ भव्य स्वागत
मुलताई, 5 मार्च 2026।आस्था, श्रद्धा और तपस्या का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करते हुए माँ ताप्ती सम्पूर्ण परिक्रमा पदयात्रा के पदयात्री 64 दिनों में लगभग 1800 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर गुरुवार को मुलताई पहुंचे। नगर में प्रवेश करते ही पारेगांव रोड पर श्रद्धालुओं और नागरिकों ने पदयात्रियों का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया।
जैसे ही पदयात्री मुलताई पहुंचे, श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में ताप्ती भक्तों ने फूल बरसाकर और जयकारों के साथ पदयात्रियों का अभिनंदन किया। इसके बाद वृंदावन रिसॉर्ट, पारेगांव रोड पर पदयात्रियों का पारंपरिक स्वागत किया गया तथा उनके चरण पखारे गए।
समारोह में मुलताई से सूरत और सूरत से मुलताई तक यात्रा में सेवा देने वाले सेवाभावियों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने इस कठिन और पवित्र यात्रा को श्रद्धा, सेवा और संकल्प का अद्भुत प्रतीक बताया।
इसके बाद दोपहर में भोजन महाप्रसादी का आयोजन किया गया। दोपहर 3:30 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। शाम 6 बजे ताप्ती सरोवर पर कलश पूजन एवं विसर्जन किया जाएगा और 6:30 बजे माँ ताप्ती की महाआरती संपन्न होगी।
रात्रि 8 बजे भोजन प्रसादी के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। आयोजन समिति ने सभी ताप्ती भक्तों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस भव्य धार्मिक आयोजन के साक्षी बनने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
श्रद्धा, सेवा और भक्ति से ओतप्रोत यह पदयात्रा मुलताई में आध्यात्मिक उत्सव का रूप लेती नजर आई।

Continue With Google
Comments (0)