ओंकारेश्वर 

 चंद्र ग्रहण के चलते तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में मंगलवार को अलग ही दृश्य देखने को मिला। ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर मंदिर सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख मंदिरों के पट दोपहर 3 बजे बंद कर दिए गए, जो शाम 7 बजे ग्रहण समाप्ति के बाद पुनः खोले जाएंगे। ग्रहण काल के दौरान मंदिरों में पूजा-अर्चना और दर्शन पूरी तरह बंद रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसरा रहा।

मंदिरों के पट बंद होने के बाद पंडित-पुजारी मंदिर परिसर में ही भजन-कीर्तन और मंत्र जाप करते रहे। धार्मिक मान्यता के अनुसार ग्रहण काल में भगवान के पट बंद रखे जाते हैं और ग्रहण समाप्त होने के बाद शुद्धिकरण के पश्चात ही पुनः दर्शन शुरू किए जाते हैं।

ग्रहण से पहले सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंची। इसी दौरान इंदौर रेंज के आईजी अनुराग भी अपने परिवार के साथ ओंकारेश्वर पहुंचे और ग्रहण लगने से पहले भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन किए।

ग्रहण समाप्त होने और मंदिरों के पट खुलने के बाद शाम 7 बजे से एक बार फिर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।