लोकेशन खंडवा 

संवाददाता। नितिन झवर 

दिनांक 26/03/2026

 

 

आयुक्त ने शहर के प्रमुख स्थलों का किया निरीक्षण, सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों को लेकर दिए निर्देश

खंडवा। नगर पालिक निगम आयुक्त प्रियंका राजावत ने शहर के प्रमुख स्थलों झीलोद्धान, पद्मकुंड, रामेश्वरकुंड एवं दीनदयाल रसोई का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण और विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान झीलोद्धान क्षेत्र में एक माह के भीतर चार फाउंटेन स्थापित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मियावाकी पद्धति से पौधारोपण, पीछे की ओर ऊंची बाउंड्री वॉल निर्माण तथा भविष्य में अतिक्रमण रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

पद्मकुंड में कछुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कुंड की नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा यहां गज़ेबो निर्माण, मुख्य प्रवेश द्वार को आकर्षक एवं विस्तृत बनाने तथा संपूर्ण क्षेत्र के सौंदर्यीकरण पर जोर दिया गया।

रामेश्वरकुंड के निरीक्षण के दौरान अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को प्राथमिकता देने, 7 से 8 फीट ऊंची बाउंड्री वॉल बनाने तथा ड्रोन के माध्यम से एरियल व्यू लेकर क्षेत्र का बेहतर डिजाइन और लेआउट तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मुख्य बावड़ी के पुनर्संरचना कार्य भी कराने को कहा गया।

दीनदयाल रसोई में स्टील फर्नीचर की व्यवस्था करने और अनुपयोगी प्लास्टिक फर्नीचर को हटाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने, पानी की गुणवत्ता की जांच, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और रंग-रोगन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

इस दौरान MIC सदस्य राजेश यादव, कार्यपालन यंत्री वर्षा घिडोड़े, उद्यान प्रभारी मनीष झीले, सहायक जनसंपर्क अधिकारी गौरव खरे सहित निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।