डबरा ब्रेकिंग -
डबरा। कृषि उपज मंडी डबरा में व्यापारियों के साथ खुलेआम दबंगई और अवैध वसूली का मामला सामने आया है। गल्ला उद्योग एवं व्यापार संघ ने थाना डबरा (देहात) में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि कुछ लोग खुद को “ट्रक एसोसिएशन” से जुड़ा बताकर व्यापारियों से जबरन भाड़ा वसूल रहे हैं।
संघ के अनुसार, मंडी से माल बाहर ले जाने के दौरान इन कथित लोगों द्वारा ट्रांसपोर्ट व्यवस्था पर दबाव बनाया जाता है और व्यापारियों को मजबूर किया जाता है कि वे उन्हीं के माध्यम से माल भिजवाएं। यदि कोई व्यापारी इसका विरोध करता है, तो उसके साथ गाली-गलौज, झगड़ा और यहां तक कि मारपीट की नौबत आ जाती है।
व्यापारियों का कहना है कि इस तरह की गुंडागर्दी से मंडी का माहौल खराब हो रहा है और व्यापार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और मंडी में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि व्यापारी बिना डर के अपना काम कर सकें।
गल्ला उद्योग एवं व्यापार संघ डबरा द्वारा दिया गया आवेदन के बिन्दु -
आवेदकगण गल्ला उद्योग एवं व्यापार संघ डबरा जिला ग्वालियर म.प्र. के गल्ला व्यापारी/मिलर्स हैं, जो कि मंडी नीलामी से कृषि उपज खरीद कर अपना व्यापार सुचारू रूप से करते हैं। सभी व्यापारी/मिलर्स सामान्य नागरिक हैं।
विगत कुछ समय से मंडी डबरा में कुछ व्यक्तियों द्वारा ट्रक एसोसिएशन का बताकर व्यापारियों से भाड़े के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। जब व्यापारी मंडी से कृषि उपज खरीद कर अपने गोदाम/गंतव्य स्थान पर भेजते हैं, तब उक्त व्यक्ति यह दबाव बनाते हैं कि उक्त माल उनके एसोसिएशन के ट्रकों से ही ले जाया जाए और इसके एवज में अवैध रूप से अधिक राशि की मांग की जाती है।
जब व्यापारी द्वारा ऐसा करने से मना किया जाता है, तो उक्त व्यक्ति काफी संख्या में इकट्ठे होकर दबाव बनाते हैं कि यदि उनके अनुसार ट्रकों में माल लोड नहीं कराया गया तो मंडी में वाहन नहीं जाने देंगे तथा व्यापारियों को गाली-गलौज और झगड़ा करने पर उतारू हो जाते हैं।
जब व्यापारी द्वारा खरीदे गए माल को विधिवत मंडी की अनुमति लेकर अन्य ट्रांसपोर्ट के माध्यम से डबरा एवं डबरा से बाहर भेजा जाता है, तब भी उक्त व्यक्तियों द्वारा बाधा उत्पन्न की जाती है, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है।
इस प्रकार की गतिविधियों के कारण व्यापारी अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। यदि इस पर शीघ्र कार्यवाही नहीं की गई तो मंडी परिसर में स्थिति बिगड़ सकती है।
अतः आपसे निवेदन है कि उक्त व्यक्तियों के विरुद्ध उचित वैधानिक कार्यवाही कर मंडी परिसर से ऐसे तत्वों को हटाया जाए, जिससे व्यापारीगण सुरक्षित वातावरण में अपना व्यापार कर सकें।
अब देखना होगा कि पुलिस इस शिकायत पर क्या कदम उठाती है और व्यापारियों को राहत मिलती है या नहीं।

Continue With Google
Comments (0)