खकनार
खकनार सहित जिले में केमिस्टों की एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल, अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में बंद रहीं दुकानें
खकनार। जिले में अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में बुधवार को जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन, बुरहानपुर के आह्वान पर खकनार सहित पूरे जिले में दवा दुकानदारों ने एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल की। हड़ताल के चलते जिले के अधिकांश मेडिकल स्टोर बंद रहे।
खकनार क्षेत्र के केमिस्टों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर कविता सोलंकी, तहसीलदार खकनार को ज्ञापन सौंपा और ऑनलाइन दवाओं की बिक्री के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की।
केमिस्टों का कहना है कि बिना डॉक्टर की पर्ची के ऑनलाइन दवाओं की बिक्री, फर्जी ई-प्रिस्क्रिप्शन और घर-घर दवा डिलीवरी जैसी गतिविधियां मरीजों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन रही हैं। इसके अलावा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भारी छूट के कारण छोटे दवा व्यापारियों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
दवा व्यापारियों ने शासन से मांग की है कि ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियम लागू किए जाएं, ताकि मरीजों की सुरक्षा के साथ-साथ छोटे केमिस्टों के हितों की भी रक्षा हो सके।