अशोकनगर। नगर के निजी अस्पताल में भर्ती प्रसूता दीपा पारदी का ऑपरेशन होना था, जिसे डॉक्टर ने ऑपरेशन से पहले ब्लड लगवाने की सलाह दी थी। प्रसूता का ब्लड ग्रुप रेयर ब्लड ग्रुप एबी निगेटिव था, जो आसानी से नहीं मिलता। घबराए परिजनों और रिश्तेदारों ने तमाम लोगों के ब्लड चेक कराए, पर उन्हें कहीं से मदद नहीं मिली।

तभी सूचना मिलने पर ब्लड हेल्प ग्रुप की सदस्य मोनिका जैन ने प्रसूता दीपा पारदी के लिए जिला चिकित्सालय ब्लड बैंक पहुंचकर एबी निगेटिव रेयर ब्लड का रक्तदान किया, जिसके बाद प्रसूता का सफल ऑपरेशन हो सका। प्रसूता ने दो बच्ची एवं एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।

इसके साथ ही प्रीति जैन ने जिला चिकित्सालय में भर्ती सहसूदी निवासी थैलेसीमिया पीड़ित पांच साल की बच्ची देविका यादव के लिए ओ निगेटिव रेयर ब्लड का रक्तदान किया। परिजन पिछले कई दिनों से ब्लड न मिलने के कारण परेशान थे।

इसके अलावा स्वाति श्रीवास्तव, प्रीतम नागर, जूली धनोरिया, खुशबू झा, छाया ओझा सहित ब्लड हेल्प ग्रुप के दर्जनों रक्तदाताओं ने मरीजों के लिए रक्तदान किए।