राष्ट्रीय राजमार्ग 346 ए के निर्माण ने गति पकड़ी
अशोकनगर। मार्च 2026 से ठप पड़े राष्ट्रीय राजमार्ग 346 ए के निर्माण ने गति पकड़ ली है। निर्माण कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर का दावा है कि मई 2027 तक निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
दरअसल, इस सड़क का निर्माण कार्य बीते मार्च माह में तब ठप हो गया था, जब सड़क के गुणवत्ताहीन निर्माण एवं अनावश्यक देरी पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिशा की बैठक में सवाल उठाए थे। तत्समय कलेक्टर साकेत मालवीय एवं मुंगावली विधायक बृजेन्द्र सिंह यादव ने सम्पूर्ण सड़क मार्ग का भौतिक निरीक्षण किया और केंद्रीय मंत्री को रिपोर्ट भेजी थी। इसके बाद जब सख्ती हुई तो निर्माण कार्य बंद हो गया। जिसके पीछे की वजह पेटी ठेकेदारों की लापरवाही रही। निर्माण बंद होने पर निर्माण एजेंसी एनएचएआई पीडब्ल्यूडी ने ठेकेदार आरजी बिल्डवेल को टर्मिनेशन का नोटिस भेजा, जिसके बाद यह निर्माण कार्य दोबारा शुरू हुआ है।
75 प्रतिशत कार्य पूर्ण होने का दावा
प्रोजेक्ट मैनेजर राजधर द्विवेदी ने बताया कि पंद्रह दिन पहले जब कंपनी ने काम हाथ में लिया था, तब 70 प्रतिशत काम पूरा था। तब से अब तक 5 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। उन्होंने बताया कि महेलुआ चौराहा से चंदेरी के हंसारी गांव तक कुल 81.3 किलोमीटर की लंबाई वाली इस सड़क का निर्माण 262 करोड़ रुपए की राशि से होना है।
बंगला चौराहा बायपास शुरू
इस सड़क पर बहादुरपुर क्षेत्र में अंतर्जिला, बंगला चौराहा और बहादुरपुर में बायपास है। जिनमें से हाल ही में बंगला चौराहा बायपास पूर्ण हो गया है, इस बायपास को आवागमन के लिए भी खोल दिया गया है। इसी तरह अतरेजी बायपास भी 90 प्रतिशत पूर्ण है, बहादुरपुर बायपास में अभी 35 प्रतिशत निर्माण कार्य होना है। पुलों के निर्माण में भी आई तेजी क्षेत्र में इस सड़क पर चार बघेरिया में केचन नदी पर, बहादुरपुर में माता नदी पर और डागर बमुरिया नदी पर पुल है। इनमें से डागर बमुरिया नदी पुल का निर्माण अंतिम चरण में है। हालांकि घाट बमुरिया और बहादुरपुर में पुल अधूरे हैं, जिन्हें बरसात से पहले पूर्ण करने का प्रयास कंपनी द्वारा किया जा रहा है।
बायपास बनते ही हटेंगे अतिक्रमण
राजस्व निरीक्षक रामकृष्ण अहिरवार ने बताया कि बहादुरपुर कस्बे से गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग पर अतिक्रमण चिन्हित किए जाना है। जिन्हें बायपास पूरा होने के बाद हटाया जाएगा। बता दें कि बहादुरपुर कस्बे में सड़क के दोनों ओर बेजा कब्जे हैं, जिससे दिन में कई बार जाम की स्थिति बनती है।
इनका कहना है
सड़क निर्माण कार्य को डेडलाइन के तहत मार्च 2027 तक नहीं है। केंद्रीय मंत्री के कड़े निर्देश हैं कि निर्माण में गुणवत्ता और समयसीमा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
- विष्णु अग्रवाल, कार्यपालन यंत्री, एनएचएआई पीडब्ल्यूडी ग्वालियर
Continue With Google