अवैध निर्माण तत्काल रोकने और अतिक्रमण हटाने की मांग, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

अशोकनगर। बोहरे कॉलोनी स्थित स्कूल की भूमि पर कथित अवैध कब्जा एवं निर्माण किए जाने के विरोध में सोमवार को सकल हिंदू समाज के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधीश साकेत मालवीय को आवेदन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि बोहरे कॉलोनी में स्कूल की भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा नगर पालिका में कथित फर्जी नामांतरण एवं रजिस्ट्री के आधार पर भूमि पर अवैध कब्जा कर मदरसा निर्माण करने का प्रयास किया जा रहा है। यह विवाद वर्ष 2009 से चला आ रहा है। पूर्व में भी प्रशासन द्वारा अवैध निर्माण के प्रयासों को रुकवाया गया था। वर्ष 2022 में भी इस प्रकार का प्रयास किया गया था, जिसे प्रशासन ने रोक दिया था।

सकल हिंदू समाज ने आरोप लगाया कि पिछले तीन-चार दिनों से रात के समय पुनः अवैध निर्माण किया जा रहा है। इसकी जानकारी तहसीलदार महोदय को दिए जाने के बावजूद निर्माण कार्य नहीं रुकने से क्षेत्रवासियों एवं समाज के लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

इस अवसर पर सकल हिंदू समाज के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दीपक मिश्रा ने कहा कि प्रशासन को समय रहते इस मामले में गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए। जिस प्रकार रात के अंधेरे में अवैध निर्माण किया जा रहा है, वह चिंताजनक है। संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने के बाद भी निर्माण कार्य जारी रहना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने कहा कि सकल हिंदू समाज किसी भी प्रकार के सामाजिक तनाव के पक्ष में नहीं है। हमारी मांग है कि विवादित भूमि की निष्पक्ष जांच कराई जाए, अवैध निर्माण तत्काल रोका जाए और यदि अतिक्रमण पाया जाता है तो उसे हटाया जाए। शहर की शांति एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो सकल हिंदू समाज जनहित में आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।