आलोट। संत कबीर साहेब की तस्वीर जलाने की घटना को लेकर समाज के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर 23 नवंबर को प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन कलेक्टर रतलाम, पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी आलोट एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व आलोट को संबोधित करते हुए सौंपा गया। इसमें आरोप लगाया गया कि संत कबीर साहेब की तस्वीर जलाकर समाज के महापुरुषों का अपमान किया गया है, जिससे समाज के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
ज्ञापन में घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी धाराओं में तत्काल एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने तथा घटना से संबंधित दुकान एवं प्रतिष्ठान की नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए सील करने की मांग की गई है।
इसके साथ ही घटना से जुड़े सभी साक्ष्य एवं उपलब्ध वीडियो फुटेज सुरक्षित रखने, भविष्य में महापुरुषों एवं समाज के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उचित कदम उठाने तथा समाज के लोगों को न्याय दिलाने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि संविधान और कानून पर पूर्ण विश्वास है तथा मामले में बिना किसी भेदभाव के जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन पर शिवम वामनिया, अखिल भारतीय बलाई महासंघ तहसील अध्यक्ष आलोट सहित समाज के लोगों के हस्ताक्षर हैं।
Continue With Google