आलोट। महिला पटवारी के कथित अपहरण के मामले में आलोट पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल करते हुए महिला पटवारी को धार जिले के टांडा थाना क्षेत्र के ग्राम कड़वा से सकुशल दस्तयाब कर लिया। परिजनों की शिकायत पर आलोट थाने में बीएनएस की धारा 140(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था, जिसमें अनिल आलावा को नामजद आरोपी बनाया गया था।
एफआईआर दर्ज होते ही आलोट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने महिला पटवारी को सुरक्षित बरामद कर लिया। वहीं मामले के मुख्य आरोपी अनिल आलावा एवं उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
इस पूरे मामले में एसडीओपी पल्लवी गौर के निर्देशन में गठित पुलिस टीम की सक्रियता और तत्परता की सराहना की जा रही है। थाना प्रभारी योगेश पाटीदार के नेतृत्व में पुलिस ने समयबद्ध कार्रवाई करते हुए महिला को सुरक्षित दस्तयाब किया। वहीं सहायक उप निरीक्षक भारत सिंह सिंघाड़ सहित पूरी पुलिस टीम ने लगातार प्रयास कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
अब पुलिस महिला के न्यायालयीन बयान एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की विवेचना कर रही है। साथ ही फरार आरोपी अनिल आलावा और उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस का अभियान जारी है।
Continue With Google
Comments (0)