रीवा-सीधी मार्ग पर भीषण हादसा: मौत बनकर आया बल्कर, बस को मारी जोरदार टक्कर

बदवार मोड़ पर चीख-पुकार से दहला इलाका, बस पलटने से 7 यात्रियों की मौत—20 से ज्यादा घायल, तीन ICU में; 6 साल का मासूम जिंदगी और मौत से जूझ रहा

रीवा। रीवा-सीधी मार्ग पर बुधवार शाम बदवार मोड़ के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार बल्कर अनियंत्रित होकर अपनी लेन छोड़ते हुए सामने से आ रही पवन ट्रेवल्स की यात्री बस से जा भिड़का। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि यात्रियों से भरी बस सड़क पर पलट गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बस में सवार यात्री मदद के लिए चीखते नजर आए, वहीं कई लोग अपने परिजनों की तलाश में बदहवास दिखाई दिए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि हादसे में 7 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल, रीवा में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में तीन गंभीर घायलों को ICU में रखा गया है। इनमें एक 6 वर्षीय मासूम भी शामिल है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बल्कर के अनियंत्रित होकर विपरीत लेन में आने के कारण यह भीषण टक्कर हुई। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
हादसे ने खड़े किए कई सवाल
एक तेज रफ्तार वाहन की कथित लापरवाही ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। अब सवाल यह है कि क्या ओवरस्पीडिंग और भारी वाहनों की लापरवाही पर प्रभावी निगरानी हो रही है? पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।