आलोट। अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने शनिवार को आलोट क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग स्थानों से बड़ी मात्रा में शराब जब्त की। कार्रवाई के दौरान कुल 10 हजार 580 रुपए कीमत की मदिरा बरामद की गई तथा तीन प्रकरण आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत दर्ज किए गए।

कलेक्टर अजय कटेसरिया के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त विकास मंडलोई के मार्गदर्शन में जावरा एवं आलोट क्षेत्र में संयुक्त रूप से दबिश और तलाशी अभियान चलाया गया। सहायक जिला आबकारी अधिकारियों पी.सी. केरवार, एस.एन. सिंगनाथ एवं मनोहर खरे के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।

आलोट में दो स्थानों पर कार्रवाई

ग्राम बागुनिया में प्रदुम पिता नेपाल सिंह के घर से 14 माउंट बीयर केन, 12 पाव प्लेन एवं 15 पाव मसाला मदिरा जब्त की गई। वहीं आलोट में मांगीलाल उर्फ टायसन पिता वर्दीचंद के घर से 20 पाव मसाला मदिरा बरामद की गई।

इसी अभियान के तहत ग्राम आक्यादेह में बद्रीलाल पिता सुखराम की दुकान से 45 पाव प्लेन एवं 10 पाव मसाला मदिरा जब्त की गई।

आबकारी विभाग की टीम में आबकारी उपनिरीक्षक सचिन भास्करे, पुष्पराज सिंह चौहान, अभिषेक वाईकर, अर्पित पाण्डे एवं संतोष मंडलोई सहित मुख्य आरक्षक एवं आरक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विभाग ने अवैध मदिरा के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही है।