नफीस खान सीहोर 

मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के भेरूंदा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अज्ञात युवती के रूप में मिला शव अब एक बड़ी हत्या की गुत्थी में बदल चुका है। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को चिन्हित किया है। थाना भैरुन्दा क्षेत्र के ग्राम नंदगांव के पास अंबर नदी के पुल के नीचे 25 फरवरी 2026 को एक अज्ञात युवती का शव मिला था। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की और शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया गया। पहचान न होने पर 27 फरवरी को शव को विधिवत दफना दिया गया था। 

शादी करने का बहाना कर नर्मदापुरम लाया नितेश यादव फिर की हत्या

पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जिस महिला की लाश नदी में मिली थी उसकी पहचान असम के लखीमपुर जिले की रहने वाली राजीना बेगम (32) के तौर पर हुई थी। राजीना तेलंगाना में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती थी। यहीं पर नर्मदापुरम का नितेश यादव भी नौकरी करता था, दोनों की पहले पहचान हुई और फिर प्यार हो गया। राजीना नितेश के साथ लिव इन में रहने लगी और नितेश से शादी करना चाहती थी। इधर नितेश के घरवालों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी। शादी दूसरी जगह तय होने के बाद नितेश ने राजीना की हत्या की साजिश रची और उसे शादी करने की बात कहकर नर्मदापुरम के माखननगर लेकर आया।

गला घोंटकर मारा, 80 किलोमीटर दूर नदी में फेंकी लाश 

25 फरवरी की रात करीब 4 बजे नितेश ने अपने छोटे भाई सचिन यादव के साथ मिलकर आरी गांव के एक मैदान में राजीना की गला दबाकर हत्या की। राजीना को मौत के घाट उतारने के बाद दोनों आरोपी भाई बाइक से उसका शव करीब 80 किमी दूर भेरूंदा (नसरुल्लागंज) के पास लेकर पहुंचे और पुल से नदी में लाश को फेंक दिया। इसके बाद 26 फरवरी को ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव को बरामद किया था। उधर राजीना का मोबाइल बंद आने पर उसके परिजन ने तेलंगाना पहुंचकर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई और फिर मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल के आधार पर नर्मदापुरम पुलिस से तेलंगाना पुलिस ने संपर्क किया। कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने आरोपी नितेश यादव से पूछताछ की पर वो पुलिस को गुमराह करता रहा। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी नितेश के भाई सचिन ने वारदात को अंजाम देना कबूल किया। जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपी भाईयों को गिरफ्तार कर लिया है