सिंगरौली में मानवता शर्मसार: 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म, नाबालिग रिश्तेदार गिरफ्तार
STATE NEWS | SURAJ KUMAR
सिंगरौली।
सिंगरौली जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला दर्ज किया गया है। इस जघन्य वारदात में पीड़िता के नाबालिग रिश्तेदार युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
पीड़िता के अनुसार, घटना शुक्रवार रात करीब 12 बजे की है। पड़ोस में रहने वाला उसका देवर का बेटा, जो नाबालिग बताया जा रहा है, शराब के नशे में उसके घर पहुंचा। युवक ने रात में वहीं रुकने की बात कही, जिस पर बुजुर्ग महिला ने उसे घर में ठहरने दिया।
देर रात जब महिला सो रही थी, तभी आरोपी ने उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि युवक ने महिला के हाथ-पैर खटिया से बांध दिए और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने आरोपी पर अप्राकृतिक कृत्य का भी गंभीर आरोप लगाया है। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।
घटना के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर चितरंगी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और घेराबंदी कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
नगर पुलिस अधीक्षक पी.एस. परस्ते ने बताया कि आरोपी की उम्र की पुष्टि की जा रही है। चूंकि आरोपी नाबालिग है, इसलिए प्रकरण को किशोर न्याय अधिनियम सहित संबंधित गंभीर धाराओं में दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
इस घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश पैदा कर दिया है। स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Continue With Google
Comments (0)