सीधी: कुसमी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक हृदयविदारक घटना में 5 वर्षीय मासूम बालक की खुले कुएं में गिरने से दुखद मौत हो गई। इस हादसे से पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है, जबकि पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। एक परिवार का इकलौता चिराग हमेशा के लिए बुझ गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत कोड़ार के दीवार्थ नौडिया निवासी 5 वर्षीय दिनेश सिंह, पिता कलेश्वर सिंह, शुक्रवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच घर के पास खेल रहा था। खेलते-खेलते वह अचानक पास ही स्थित खुले कुएं में गिर गया। जब काफी देर तक दिनेश नजर नहीं आया, तो उसकी मां शेमकली और दादा इंपाल सिंह ने उसकी तलाश शुरू की।
खोजबीन के दौरान कुएं की ओर जाते हुए पैरों के निशान दिखाई दिए। इससे परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। तत्काल आसपास के लोगों को बुलाया गया और हल्ला-गुहार मचाई गई। ग्रामीणों की मदद से तीन मोटर पंप लगाकर कुएं का पानी कम किया गया। इसके बाद जब कुएं में उतरकर देखा गया, तो बच्चे का शव पानी में मिला। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर खुले कुओं और सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे खुले कुओं को तत्काल ढकवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
गांव में मातम पसरा है और हर आंख नम है।
Continue With Google
Comments (0)