कुआंखेड़ा गांव में पहली बार घोड़े पर निकलेगी बंसल परिवार की रछवाई, पुलिस सुरक्षा की मांग

दमोह जिले के पटेरा तहसील के अंतर्गत आने वाले कुआंखेड़ा गांव में बंसल परिवार ने अपने बेटे की रछवाई घोड़े पर निकालने के लिए पुलिस सुरक्षा की मांग की है। इस संबंध में बुधवार को एससी महासभा द्वारा एसपी को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में बताया गया कि 5 फरवरी को नंदू पिता झल्लू बंसल की रछवाई घोड़े पर गांव में निकाली जानी है। गांव के दबंगों से विवाद की आशंका के चलते पुलिस सुरक्षा की मांग की गई है।

एसपी श्रुत कीर्ति सोमवंशी ने इस मामले में हटा पुलिस को गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। पटेरा तहसीलदार उमेश तिवारी ने बुधवार रात गांव पहुंचकर बंसल परिवार और ग्रामीणों से बातचीत की।

झल्लू बंसल ने जानकारी दी कि वे अपने बेटे नंदू की रछवाई गुरुवार को घोड़े पर निकालना चाहते हैं। यह गांव में पहली बार हो रहा है, जिससे विवाद की आशंका है। हालांकि, उन्हें किसी से धमकी नहीं मिली है, लेकिन पुलिस सुरक्षा चाहते हैं।

हटा थाना प्रभारी सुधीर बेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्रामीणों से बातचीत की। तहसीलदार उमेश तिवारी ने बताया कि गांव में सभी समाज के लोग आपसी भाईचारे के साथ रहते हैं और किसी भी प्रकार के विवाद की संभावना नहीं है।

गांव के लोगों ने आश्वासन दिया है कि बंसल परिवार की रछवाई में कोई बाधा नहीं आएगी। आपको बता दें कि 24 जनवरी को लगुनउत्सव का कार्यक्रम था और 5 फरवरी को विवाह संपन्न होगा, जिसके लिए रछवाई निकाली जानी है।