बुधनी में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, प्रेम विवाह के 10 माह बाद फांसी पर झूलता मिला शव
बुधनी।
नगर की गुरुवा बाबा कॉलोनी में उस समय सनसनी फैल गई जब एक किराए के मकान में रह रही नवविवाहिता का शव फांसी के फंदे पर झूलता हुआ मिला। मृतिका की पहचान किरण परी दायमा (19 वर्ष) के रूप में हुई है। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार किरण ने करीब 10 महीने पहले मंडीदीप निवासी अंकित दायमा से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद दोनों बुधनी में किराए के मकान में रह रहे थे। अंकित दायमा बुधनी की एक निजी कंपनी में कार्यरत बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। बताया गया कि जिस कमरे में किरण का शव मिला, उसका दरवाजा अंदर से बंद था। बाद में मृतिका के परिजनों की मौजूदगी में तहसीलदार एवं पुलिस टीम द्वारा दरवाजा किसी तरह खोला  गया, जहां किरण का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।
परिजनों के अनुसार किरण मूल रूप से मंडीदीप की रहने वाली थी, वहीं उसका पति भी उसी क्षेत्र का निवासी है। मृतिका के पति का कहना है कि उसकी पत्नी किसी अन्य व्यक्ति से मोबाइल फोन पर बातचीत करती थी, इसी बात को लेकर दंपत्ति के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना के समय घर में कोई अन्य मौजूद नहीं था।
पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नवविवाहिता की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं कॉलोनी में भी घटना को लेकर शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है l