रेल यात्रा में असुरक्षित यात्री: चलती ट्रेन में परिवार से 16 लाख के जेवरात चोरी, सुरक्षा पर उठे सवाल

गुना: रेलवे प्रशासन के सुरक्षा दावों पर फिर एक बार सवालिया निशान लग गया है। गुना जीआरपी थाना क्षेत्र में एक चलती ट्रेन के भीतर हुई बड़ी चोरी की घटना ने यात्रियों के सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताओं को जन्म दिया है।

मामला 13 जून का है, जब अशोकनगर जिले के ग्राम बरखेड़ा निवासी आबिद खान अपने परिवार सहित बीना-ग्वालियर पैसेंजर ट्रेन में सफर कर रहे थे। इस दौरान रूतियाई और गुना स्टेशन के बीच भीड़ का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने ट्रॉली बैग की चेन खोलकर लाखों के सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए।

पीड़ित आबिद खान के अनुसार, चोरी हुए सामान में सोने के हार, कंगन, चेन और चांदी की पायल सहित भारी मात्रा में आभूषण थे। इस वारदात ने यात्रियों के मन में डर पैदा कर दिया है और रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।

जीआरपी गुना ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अब पुलिस रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की बात कह रही है।

लेकिन सवाल यही है कि चलती ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे प्रशासन कब सख्त कदम उठाएगा? क्या यह घटना रेलवे को आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने के लिए मजबूर करेगी?