आलोट (रतलाम)। वर्ष 2024 में पेट्रोल पंप पर लूट की योजना बनाने के मामले में फरार चल रहे ₹5 हजार के इनामी आरोपी को आलोट पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसके विरुद्ध रतलाम जिले के विभिन्न थानों में लूट, डकैती की तैयारी एवं आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर प्रकरण दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में थाना आलोट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिपाल उर्फ विजय उर्फ भोला कंजर (35) निवासी ग्राम टोकड़ा कंजर डेरा, थाना उन्केल, जिला झालावाड़ (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। आरोपी की गिरफ्तारी पर पूर्व में ₹5 हजार का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 2024 में आलोट क्षेत्र स्थित पेट्रोल पंप पर लूट की योजना बनाने के मामले में फरार था। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है तथा अन्य मामलों में भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

चार गंभीर मामलों में है आरोपी की संलिप्तता

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के विरुद्ध थाना आलोट, नामली एवं पिपलौदा में बीएनएस की विभिन्न धाराओं, आर्म्स एक्ट तथा डकैती की तैयारी से जुड़े कुल चार गंभीर प्रकरण दर्ज हैं। इन मामलों में उसकी गिरफ्तारी की आवश्यकता लंबे समय से बनी हुई थी।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश पाटीदार, उप निरीक्षक प्रमोद राठौर, उप निरीक्षक आर.सी. खटिया तथा आरक्षक 490 दीपक पाटीदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की कार्रवाई की सराहना की है।