मनगवां में युवक को घर के बाहर मारी गोली, हालत गंभीर

मनगवां (रीवा)। मनगवां थाना क्षेत्र की पुरानी बस्ती वार्ड क्रमांक 5 में मगलवार को रात्रि 10: 40 एक युवक को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घायल युवक को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार, पुरानी बस्ती निवासी संतोष गुप्ता उर्फ मुन्ना (19) पुत्र शिवनाथ गुप्ता अपने घर के दरवाजे पर बैठा था। इसी दौरान स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से दो युवक वहां पहुंचे। उन्होंने पहले नदी जाने का रास्ता पूछा। बातचीत के दौरान बाइक के पीछे बैठे युवक ने अचानक बंदूक निकालकर संतोष पर फायर कर दिया।

गोली संतोष की आंख के बगल से होते हुए मस्तिष्क में जा फंसी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही मनगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही हमलावरों की तलाश में जुट गई है। प्रारंभिक तौर पर घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगाई गई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।