July 15, 2026 10:08 AM
1 min read
13 views
खेत की रखवाली कर रही युवती पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, पीड़ित परिवार ने कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार
जिले के इंदवार थाना क्षेत्र के ग्राम पोड़िया में खेत की रखवाली के दौरान युवती पर हुए कथित प्राणघातक हमले के मामले में कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवार मंगलवार को कलेक्टर जनसुनवाई में पहुंचा। पीड़िता के पिता चंद्रभान लोनी ने कलेक्टर राखी सहाय को आवेदन सौंपकर नामजद आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की। कलेक्टर ने मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। शिकायत के अनुसार, 1 जून 2026 की रात करीब 8 बजे उनकी पुत्री पूनम लोनी खेत की रखवाली कर रही थी। आरोप है कि गांव के कमलेश लोनी, शकुंतला लोनी और अभय लोनी ने कुल्हाड़ी और डंडों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले के बाद आरोपी युवती को मृत समझकर मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान वहां से गुजर रहे सत्येंद्र पटेल और विजय पटेल ने युवती की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद घायल युवती को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए कटनी रेफर किया गया। वर्तमान में उसका उपचार जारी है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद भी आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिससे परिवार भय के साए में जी रहा है। इसी को लेकर उन्होंने जनसुनवाई में कलेक्टर के साथ-साथ पुलिस अधीक्षक से भी न्याय की गुहार लगाई है। अब इस मामले में पुलिस जांच और प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।