नर्मदापुरम में मिलावटी मावा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 650 किलो मावा जब्त

नर्मदापुरम, त्योहारों के मद्देनजर जिले में दूध एवं दुग्ध उत्पादों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा प्रशासन का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने नर्मदापुरम में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना बिल के परिवहन किए जा रहे 650 किलो मावा को जब्त किया।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व देवेन्द्र सिंह के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने गुप्त सूचना के आधार पर पुराने बस स्टैंड, नर्मदापुरम पर कटियार बस क्रमांक MP04 PA 3120 को रोककर जांच की। बस की डिक्की में 13 बोरियों में मावा भरा मिला। मावा के संबंध में व्यापारी के पास कोई बिल उपलब्ध नहीं था।
अतिरिक्त तहसीलदार डॉ. सुरेखा यादव और खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश एस. दियावार ने मौके पर मावा उतरवाकर उसकी जांच की। पूछताछ में मावा फूल सिंह यादव का होना पाया गया। व्यापारी ने बताया कि मावा भोपाल से मंगवाया गया है। संदेह के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मावा के नमूने जांच के लिए लिए और पूरे 650 किलो मावा को कोल्ड स्टोरेज में सुरक्षित जब्त करवा दिया। व्यापारी को नोटिस जारी किया जा रहा है, जबकि मावा भेजने वाले के संबंध में भी जांच की जा रही है।
इसके अलावा चक्कर रोड स्थित ब्रजवासी स्वीट की जांच कर मावा और मीठा मावा के दो नमूने भी जांच के लिए लिए गए।
सिवनी मालवा और पिपरिया में भी जांच
सिवनी मालवा में अनुविभागीय अधिकारी विजय राय के निर्देशन में राजस्व एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न मिठाई निर्माण केंद्रों और दुकानों का निरीक्षण किया। साईं स्वीट्स, बानापुरा से मिल्क केक एवं बर्फी, ओम राजस्थान मिष्ठान भंडार से मिल्क केक, राजस्थान मिष्ठान भंडार के कारखाने से मिल्क केक, पाइनएप्पल बर्फी, चॉकलेट बर्फी और अंजीर बर्फी तथा रितेश ट्रेडर्स से पैक्ड घी का नमूना लिया गया।
यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र सिंह राणा एवं नायब तहसीलदार कीर्ति प्रधान की टीम ने की। वहीं पिपरिया में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सपना स्वीट से मावा और गुलकंद बर्फी के दो नमूने तथा बीकानेर स्वीट से मावा, रसगुल्ला और मोतीचूर लड्डू के पांच नमूने जांच के लिए लिए।
सभी नमूने नियमानुसार राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने कहा है कि त्योहारों को देखते हुए दूध, मावा, मिठाई, घी सहित अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।