आलोट। जिले में दूध और दुग्ध उत्पादों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज की है। आलोट क्षेत्र के ग्राम शेरपुर खुर्द स्थित श्री कृष्णा दूध डेयरी एवं मावा भंडार पर विभाग ने कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में मावा, घी और वनस्पति जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा।
218 किलो सामग्री जब्त
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा की कार्रवाई में 58 किलो घी, 150 किलो मावा और 10 किलो वनस्पति जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल मात्रा 218 किलो है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 63 हजार 300 रुपए बताई गई है।
विभाग ने भैंस के दूध, घी, मावा और घी-मावा में उपयोग किए जाने वाले वनस्पति के नमूने लिए हैं। जब्त सामग्री को जांच रिपोर्ट आने तक सुरक्षित रखा गया है।
रिपोर्ट के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के मुताबिक सभी नमूने राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि संबंधित खाद्य सामग्री खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों पर खरी उतरती है या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नमूने के साथ जब्ती से बढ़ी उम्मीद
खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जाने की कार्रवाई पहले भी होती रही है, लेकिन नमूनों की जांच और उसके बाद होने वाली कार्रवाई को लेकर आम लोगों में सवाल उठते रहे हैं। इस बार नमूने लेने के साथ बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त किए जाने से कार्रवाई को लेकर अलग संदेश गया है।
नए कलेक्टर अजय कटेसरिया के कार्यकाल में हुई इस कार्रवाई के बाद लोगों में उम्मीद जगी है कि खाद्य मिलावट के मामलों में अब कार्रवाई नमूने लेने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई भी सामने आएगी।
आलोट के बड़े प्रतिष्ठानों पर भी नजर
शेरपुर खुर्द की कार्रवाई के बाद अब आलोट नगर के बड़े खाद्य प्रतिष्ठानों पर भी लोगों की नजर है। उपभोक्ताओं की मांग है कि दूध, मावा, घी और अन्य खाद्य पदार्थों की नियमित जांच की जाए, ताकि मिलावट की स्थिति में समय रहते कार्रवाई हो सके।
फिलहाल इस कार्रवाई में जब्त सामग्री की वास्तविक गुणवत्ता का पता प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। अब निगाह भोपाल से आने वाली जांच रिपोर्ट और उसके आधार पर होने वाली अगली कार्रवाई पर टिकी है।
Continue With Google
Comments (0)