आलोट /बरखेड़ा कला। संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई 20 वर्षीय महिला की तलाश में बरखेड़ा कला पुलिस ने लगातार 12 दिन तक प्रयास करते हुए दिल्ली से उसे सुरक्षित दस्तयाब करने में सफलता हासिल की। मामले में शुरुआती तौर पर मिले एक लेटर और बाद में सामने आए वीडियो सहित तकनीकी एवं डिजिटल साक्ष्यों ने पुलिस की जांच को महत्वपूर्ण दिशा दी। इन सुरागों को आधार बनाकर पुलिस टीम ने संभावित स्थानों की पड़ताल की और आखिरकार दिल्ली पहुंचकर महिला को सुरक्षित बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार 11 अगस्त को फरियादी ने अपनी 20 वर्षीय पुत्री के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने तथा किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे छिपाकर रखने की आशंका जताते हुए थाना बरखेड़ा कला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में अपराध क्रमांक 146/2026, धारा 140(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम ग्रामीण विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी पल्लवी गौर के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक पतिराम डावरे ने विशेष टीम गठित कर महिला की तलाश शुरू कराई।
जांच के दौरान पुलिस को एक लेटर मिला। इसके बाद सामने आए वीडियो ने मामले को और महत्वपूर्ण बना दिया। पुलिस टीम ने उपलब्ध डिजिटल सामग्री, तकनीकी इनपुट और अन्य साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। इनसे मिले सुरागों को मैदानी पुलिसिंग से जोड़ते हुए संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई गई।
पुलिस टीम लगातार मिले इनपुट के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर तलाश करती रही। जांच के दौरान मिले तकनीकी सुराग दिल्ली तक पहुंचे। इसके बाद टीम दिल्ली रवाना हुई और 23 अगस्त को लापता महिला को सुरक्षित दस्तयाब करने में सफलता प्राप्त की।
एक अन्य गुमशुदगी में भी महिला दस्तयाब
तलाश अभियान के दौरान थाना सीतामऊ, जिला मंदसौर में दर्ज एक अन्य गुमशुदगी प्रकरण से संबंधित महिला को भी दिल्ली से दस्तयाब किया गया। दोनों महिलाओं को नियमानुसार संबंधित परिजनों एवं जांच अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस द्वारा महिलाओं की पहचान, निजता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनके नाम, पते तथा अन्य व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। महिलाओं के बयान एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी बरखेड़ा कला निरीक्षक पतिराम डावरे, सउनि आरसी भम्भोरिया, सउनि विष्णु वास्कले थाना सीतामऊ, प्रआर 401 गजेन्द्र सिंह, आर 1135 प्रीतम लोहार थाना ताल, आर 281 अरविन्द विश्वकर्मा, चालक आर 118 शकील, आर 964 ओमप्रकाश गुर्जर, आर 830 अजय चौधरी, आर 998 ईश्वर धाकड़, मआर 1147 प्रिया ठाकुर, मआर 560 शारदा लोहार सहित साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Continue With Google
Comments (0)