ऑपरेशन ईगल क्लॉ: नशे के अवैध व्यापार पर नरसिंहपुर पुलिस की बड़ी सफलता

अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध नरसिंहपुर पुलिस की प्रभावशाली कार्यवाही:

  • तस्करी पर करारा प्रहार: नरसिंहपुर पुलिस ने जिले में मादक पदार्थ (स्मैक) के तीन बड़े तस्करों को गिरफ्तार किया।
  • जब्त की गई सामग्री: लगभग 6 लाख रुपये की 62 ग्राम स्मैक।

नरसिंहपुर पुलिस ने पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में "ऑपरेशन ईगल क्लॉ" के अंतर्गत अवैध मादक पदार्थों पर करारा प्रहार किया है। इस अभियान में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नशे के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थों को जब्त कर सप्लाई में संलिप्त व्यक्तियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।

गुप्त सूचना से मिली बड़ी सफलता

एक विश्वस्त मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कपूरी नहर के कच्चे रास्ते के किनारे एक बाहरी व्यक्ति बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ स्मैक रखे हुए है। सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, श्री संदीप भूरिया के मार्गदर्शन में और अनु. अधिकारी पुलिस, नरसिंहपुर श्री मनोज गुप्ता के नेतृत्व में थाना कोतवाली की विशेष टीम का गठन किया।

विशेष टीम की कार्यवाही

गठित टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर प्रभावी घेराबंदी की। एक व्यक्ति संदेहास्पद स्थिति में दिखाई दिया जो पुलिस को देखकर खेतों में भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा करके गिरफ्तार किया। पूछताछ पर उसने अपना नाम भगवान सिंह तंवर बताया। आरोपी के कब्जे से लगभग 36 ग्राम स्मैक जब्त की गई।

तस्करी का बड़ा खुलासा

गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में उसके साथी बनवारी तंवर के बारे में जानकारी मिली, जो कपूरी तिराहे के पास छिपा था। पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाकर बनवारी तंवर और उसके साथी रामलाल तंवर को गिरफ्तार किया। बनवारी तंवर के पास से लगभग 26 ग्राम स्मैक जब्त की गई।

गिरफ्तार आरोपी:

  • भगवान सिंह तंवर, निवासी ग्राम बेदर, खिलचीपुर, जिला राजगढ।
  • बनवारी तंवर, निवासी ग्राम बेदर, खिलचीपुर, जिला राजगढ।
  • रामलाल तंवर, निवासी ग्राम बेदर, खिलचीपुर, जिला राजगढ।

जब्त मादक पदार्थ: 62 ग्राम स्मैक (अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत ₹ 6 लाख अनुमानित)

कानूनी कार्यवाही: धारा 8, 21 (बी). 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीवद्ध।

मुख्य भूमिका: इस कार्यवाही में थाना प्रभारी कोतवाली, निरीक्षक श्री गौरव चांटे, उनि मुस्ताक खान, सउनि रमेश निवारे, आरक्षक राहुल दुबे, अनुराग दुबे, अभय तिवारी, नीलेश दुबे, कुलदीप साहू, श्रेय अवस्थी एवं सायबर सेल से म.आर. कुमुद पाठक की प्रमुख भूमिका रही।