आलोट। बरखेड़ा कला थाना क्षेत्र के ग्राम देवगढ़ में अवैध खनन रोकने पहुंचे पटवारी अजय चौहान पर खनन माफियाओं द्वारा किए गए जानलेवा हमले से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हमले में पटवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके हाथ में फ्रैक्चर होने के साथ शरीर में अंदरूनी चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रतलाम रेफर किया गया।
अवैध खनन रोकने पहुंचे थे पटवारी, माफियाओं ने कर दिया हमला
जानकारी के अनुसार पटवारी अजय चौहान राजस्व विभाग की टीम के साथ ग्राम देवगढ़ स्थित पुलिया के पास चल रहे अवैध खनन को रोकने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद खनन माफियाओं ने उन पर हमला कर दिया। हमले में पटवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बरखेड़ा कला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पटवारी को तत्काल शासकीय चिकित्सालय आलोट पहुंचाया।
हाथ में फ्रैक्चर, गंभीर हालत में रतलाम रेफर
आलोट अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के दौरान पटवारी के हाथ में फ्रैक्चर तथा शरीर में अंदरूनी चोटें पाई। हालत गंभीर होने पर उन्हें एम्बुलेंस से रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
एक आरोपी हिरासत में, दो की तलाश में दबिश
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को राउंडअप (हिरासत) में ले लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। मामले में विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
अस्पताल पहुंचे तहसीलदार, नायब तहसीलदार व पटवारियों की टीम
घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा राजस्व विभाग के पटवारियों की टीम शासकीय अस्पताल आलोट पहुंची। अधिकारियों ने घायल पटवारी अजय चौहान से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली। घटना को लेकर राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में भारी आक्रोश देखा गया।
एसडीएम विवेक कुमार सोनकर ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
इधर, एसडीएम विवेक कुमार सोनकर ने घटना को गंभीरता से लेते हुए ग्राम देवगढ़ पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके की स्थिति का जायजा लिया और पुलिस व राजस्व अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही अवैध खनन में शामिल आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सरकारी अमले पर हमला बना बड़ा सवाल
अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने गए सरकारी कर्मचारी पर हुए इस हमले ने खनन माफियाओं के बढ़ते हौसलों को उजागर कर दिया है। सरकारी अमले पर खुलेआम हमला होने से प्रशासनिक व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में अवैध खनन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
Continue With Google
Comments (0)