आलोट। रतलाम जिले के ताल थाना क्षेत्र में प्रस्तावित स्टोन क्रेशर एवं गिट्टी प्लांट को लेकर चल रहा विवाद अब आपराधिक प्रकरण तक पहुंच गया है। स्टोन क्रेशर संचालक की 

शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में आंदोलन समाप्त कराने के बदले रुपये मांगने, विदेशी नंबरों से संपर्क करने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से दबाव बनाने के आरोप लगाए गए हैं।

फरियादी मनोज पिता मनोहर उंटवाल (41) निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, आलोट ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि ग्राम मालिया स्थित शासकीय भूमि सर्वे क्रमांक 110 पर शासन द्वारा गिट्टी एवं रेत प्लांट के लिए लीज स्वीकृत की गई है। शिकायत के अनुसार प्लांट का कुछ लोगों द्वारा विरोध किया जा रहा था और इस संबंध में ज्ञापन, धरना एवं भूख हड़ताल जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए थे।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि निर्माण कार्य नहीं रुकने पर आंदोलन समाप्त कराने के बदले पहले तीन लाख रुपये की मांग की गई। बाद में कथित रूप से यह राशि घटाकर डेढ़ लाख रुपये करने की बात कही गई। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि इस संबंध में हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध है।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि व्हाट्सएप कॉल और चैट के माध्यम से +977 सीरीज सहित अन्य विदेशी मोबाइल नंबरों से संपर्क किया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार उपलब्ध रिकॉर्डिंग में विदेशी सिम कार्ड के उपयोग से संबंधित चर्चा भी सुनाई देती है। पुलिस को ऑडियो रिकॉर्डिंग, व्हाट्सएप चैट और अन्य दस्तावेज भी सौंपे गए हैं।

शिकायत में यह आरोप भी लगाया गया है कि रुपये नहीं देने की स्थिति में दोबारा आंदोलन शुरू करने, कार्य प्रभावित करने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से माहौल बनाने की चेतावनी दी गई।

मामले की जांच के बाद थाना ताल पुलिस ने अपराध क्रमांक 305/2026 के तहत धारा 308(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मामले में अशोक पिता ईश्वर सिंह गुर्जर निवासी नागदा, जिला उज्जैन को आरोपी बनाया गया है।

थाना पुलिस के अनुसार मामले में उपलब्ध ऑडियो रिकॉर्डिंग, व्हाट्सएप चैट, कॉल डिटेल्स तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस का कहना है कि प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।