आलोट । रतलाम जिले के ताल थाना क्षेत्र में प्रस्तावित स्टोन क्रेशर एवं गिट्टी प्लांट को लेकर चल रहा विवाद अब पुलिस जांच के दायरे में आ गया है। स्टोन क्रेशर संचालक मनोज उंटवाल ने थाना ताल में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि आंदोलन और विरोध प्रदर्शन समाप्त कराने के एवज में उनसे लाखों रुपये की मांग की गई। शिकायत के साथ ऑडियो रिकॉर्डिंग, व्हाट्सएप चैट और अन्य दस्तावेज भी पुलिस को सौंपे गए हैं।
शिकायतकर्ता मनोज उंटवाल ने अपने आवेदन में बताया कि शासन द्वारा ग्राम मालिया स्थित शासकीय भूमि सर्वे क्रमांक 110 पर गिट्टी एवं रेत प्लांट के लिए लीज आवंटित की गई है। आरोप है कि प्लांट के विरोध में पहले ज्ञापन, धरना और भूख हड़ताल जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए, लेकिन निर्माण कार्य नहीं रुकने पर कथित रूप से आर्थिक मांग की जाने लगी।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि एक मुलाकात के दौरान आंदोलन समाप्त कराने के नाम पर पहले 3 लाख रुपये की मांग की गई। शिकायतकर्ता का दावा है कि इस मुलाकात की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध है। बाद में कथित रूप से राशि घटाकर 1.50 लाख रुपये करने की बात कही गई और भुगतान लेने के लिए किसी व्यक्ति को भेजने का प्रस्ताव भी रखा गया।
मामले का सबसे अहम पहलू विदेशी मोबाइल नंबरों का उपयोग बताया जा रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार +977 सीरीज सहित अन्य नंबरों से व्हाट्सएप कॉल और चैट के माध्यम से लगातार संपर्क किया गया। आवेदन में दावा किया गया है कि उपलब्ध रिकॉर्डिंग में विदेशी सिम के उपयोग और अन्य देशों की सिम होने संबंधी बातें भी सुनाई दे रही हैं।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि रुपये नहीं देने पर दोबारा आंदोलन शुरू करने, कार्य रुकवाने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से माहौल प्रभावित करने की चेतावनी दी गई। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
उधर, थाना ताल पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए आवेदन पर रिसीविंग प्रदान की है। पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेज, ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Continue With Google
Comments (0)