आलोट/ताल। रतलाम पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार आक्रामक अभियान चला रही है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी पल्लवी गौर की सतत मॉनिटरिंग में आलोट अनुभाग के थाना क्षेत्रों में अपराधियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी क्रम में ताल थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में करीब छह माह से फरार चल रहे ₹5 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार 1 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर ताल पुलिस ने आमका निवासी भारतसिंह पिता दिलीपसिंह सौंधिया राजपूत को एमडी एवं डोडाचूरा के साथ गिरफ्तार किया था। इस संबंध में थाना ताल में अपराध क्रमांक 62/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/15, 22 में प्रकरण दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि बरामद मादक पदार्थ अनुराज सिंह पिता भगवानसिंह सौंधिया राजपूत निवासी ग्राम डोहद को दिया जाना था। घटना के बाद से अनुराज सिंह फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक रतलाम द्वारा ₹5 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
लगातार दबिश, मुखबिर तंत्र और तकनीकी निगरानी के आधार पर 22 जुलाई 2026 को ताल पुलिस ने फरार इनामी आरोपी अनुराज सिंह (25) निवासी ग्राम डोहद, थाना बड़ोद, जिला आगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/15, 22 एवं 29 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक स्वराज डाबी, सब इंस्पेक्टर पंकज भभोरिया, आरक्षक अंकित काला, सावरिया पाटीदार, राहुल पाटीदार एवं मनीष शर्मा की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों की तस्करी और अपराधियों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Continue With Google
Comments (0)