आलोट/रतलाम। स्टोन क्रेशर एवं गिट्टी प्लांट विवाद में आर्थिक मांग और सौदेबाजी के आरोपों के बीच भारतीय किसान यूनियन मंच ने अपने प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गुर्जर को पद से निष्कासित कर दिया है। संगठन ने उन्हें तत्काल प्रभाव से सभी जिम्मेदारियों से मुक्त करते हुए स्पष्ट किया है कि भविष्य में उनके किसी भी व्यक्तिगत कृत्य के लिए संगठन उत्तरदायी नहीं होगा।
भारतीय किसान यूनियन मंच के प्रदेश अध्यक्ष कवि देवसिंह गुर्जर द्वारा 16 जून को जारी आधिकारिक पत्र में कहा गया है कि ग्राम अलसी निवासी अशोक गुर्जर को अनैतिक एवं अवैधानिक गतिविधियों में लिप्त पाए जाने के कारण प्रदेश उपाध्यक्ष पद से तत्काल प्रभाव से हटाया जाता है। आदेश में उन्हें संगठन की समस्त जिम्मेदारियों से मुक्त किए जाने का उल्लेख भी किया गया है।
उल्लेखनीय है कि ताल थाना क्षेत्र में प्रस्तावित स्टोन क्रेशर एवं गिट्टी प्लांट को लेकर चल रहे विवाद के बीच आंदोलन समाप्त कराने के नाम पर आर्थिक मांग किए जाने की शिकायत पुलिस तक पहुंची थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 305/2026 दर्ज कर जांच शुरू की है।
मामले में ऑडियो रिकॉर्डिंग, व्हाट्सएप चैट, कॉल डिटेल्स और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मामले में अशोक गुर्जर को आरोपी बनाया गया है। हालांकि मामले की जांच अभी जारी है और आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया एवं पुलिस विवेचना के बाद ही हो सकेगी।
संगठन द्वारा जारी निष्कासन पत्र को इस पूरे घटनाक्रम में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक और किसान संगठनों के बीच भी इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।

Continue With Google
Comments (0)