आलोट। ताल थाना क्षेत्र के ग्राम कोठड़ी खारवा में युवक की हत्या के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। रविवार को ग्रामीणों ने खरवा कला चौकी पहुंचकर थाना प्रभारी के नाम ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम निवासी राजेन्द्रसिंह पिता दुलसिंह की 19 जून 2026 की रात कथित रूप से उमरावसिंह, उसके पिता नाहरसिंह, पत्नी तथा दोनों पुत्रों द्वारा मारपीट कर हत्या कर दी गई। आरोप है कि हत्या के बाद शव को खेत में फेंक दिया गया।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि आरोपी पक्ष पूर्व में भी गांव में हिंसक घटनाओं में शामिल रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ माह पूर्व भी गांव के अन्य लोगों पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया था। हत्या के बाद गांव में भय का माहौल बना हुआ है तथा ग्रामीणों को धमकियां दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए उनका मकान तोड़ा जाए तथा गांव में जुलूस निकालकर सख्त संदेश दिया जाए। साथ ही उन्होंने दोषियों को फांसी अथवा कठोरतम सजा देने की मांग भी की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन और धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
पुलिस प्रशासन की ओर से मामले की जांच जारी होने की जानकारी दी गई है।
Continue With Google
Comments (0)