आलोट। शासकीय महाविद्यालय आलोट में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत नवप्रवेशित विद्यार्थियों के अभिमुखीकरण के लिए आयोजित सात दिवसीय "नव सत्रारंभ इंडक्शन प्रोग्राम" का बुधवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। एक जुलाई से आठ जुलाई तक आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालयीन वातावरण, नई शिक्षा नीति तथा शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र पाल ऋषि की अध्यक्षता में दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। प्राचार्य ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, ज्ञान और संस्कार के साथ अध्ययन करने की प्रेरणा देते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, चॉइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम (सीबीसीएस) तथा महाविद्यालय की विभिन्न सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी।
सात दिनों तक चले कार्यक्रम में प्रतिदिन नवप्रवेशित विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। इस दौरान संस्था परिचय, पुस्तकालय एवं प्रयोगशाला भ्रमण, साइबर सुरक्षा, एंटी-रैगिंग जागरूकता, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), खेलकूद गतिविधियां, कौशल विकास एवं करियर मार्गदर्शन, विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाएं, भारतीय ज्ञान परंपरा तथा स्वास्थ्य एवं योग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम का समापन डॉ. मंजूलता चौधरी की अध्यक्षता में हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, मेहनत, अनुशासन एवं उच्च आदर्शों को अपनाकर जीवन में सफलता प्राप्त करने का आह्वान किया। प्रवेश समिति के प्रभारी डॉ. प्रभास पुरी ने सफल आयोजन के लिए महाविद्यालय परिवार, सभी प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में डॉ. संजय सिंह सोलंकी, डॉ. विक्रम सिंह गहलोत, मनीष देशमुख, डॉ. पवन भंवर, डॉ. मनीष कुमार झाला, प्रो. संदीप सांखला, डॉ. करुणेन्द्र कुमार, डॉ. विमलेश सोनी, डॉ. अमित कुमार गुप्ता, डॉ. सरला अखंड सहित महाविद्यालय के समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सात दिवसीय इंडक्शन प्रोग्राम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने और महाविद्यालय से उनका जुड़ाव मजबूत करने में महत्वपूर्ण साबित हुआ।
Continue With Google
Comments (0)