शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना अंतर्गत प्रशिक्षण का पूर्ण लाभ उठाकर अपने भविष्य को सशक्त बनाएं तथा देश सेवा में योगदान दें: जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उमिता राहुल सिंह

-

अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं को सैन्य बल एवं अन्य समकक्ष सुरक्षा एजेंसियों में भर्ती हेतु प्रशिक्षित करने हेतु “शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना का हुआ शुभारंभ

-

जिले में पिछड़ा वर्ग के बालक एवं बालिकाओं को दिया जायेगा प्रशिक्षण

-

अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं को सैन्य बल एवं अन्य समकक्ष सुरक्षा एजेंसियों में भर्ती हेतु तैयार करने के उद्देश्य से जिले में आज “शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना-2026” का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस योजना के माध्यम से युवाओं को गुणवत्तापूर्ण आवासीय प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। आजीविका मिशन भवन स्थित सामुदायिक प्रशिक्षण केन्द्र ढोंगा में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उमिता राहुल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती सरोज राजपूत द्वारा की गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री शिवप्रसाद मंडराह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती उमिता राहुल सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह योजना युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं शारीरिक क्षमता के विकास में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि हर योग्य युवा को अवसर मिले और यह योजना उसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है।

कार्यक्रम में श्रीमती सरोज राजपूत ने कहा कि शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से ग्रामीण एवं पिछड़े वर्ग के युवाओं को सेना एवं सुरक्षा सेवाओं में जाने का सुनहरा अवसर मिलेगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस प्रशिक्षण का पूर्ण लाभ उठाकर अपने भविष्य को सशक्त बनाएं तथा देश सेवा में योगदान दें।

अपर कलेक्टर श्री शिवप्रसाद मंडराह ने अपने संबोधन में बताया कि प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को शारीरिक दक्षता, लिखित परीक्षा एवं अन्य आवश्यक पहलुओं की समुचित तैयारी कराई जाएगी, जिससे वे भर्ती प्रक्रिया में सफल हो सकें। सभी अतिथियों ने योजना की सराहना करते हुए इसे युवाओं के भविष्य निर्माण के लिए महत्वपूर्ण बताया।

इस दौरान सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग श्री राघव पटसारिया ने योजना की विस्तार से जानकारी देते हुये बताया कि पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना-2026 अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं को सैन्य बल एवं अन्य समकक्ष सुरक्षा एजेंसियों में भर्ती के लिए गुणवत्तापूर्ण आवासीय प्रशिक्षण के माध्यम से बेहतर अवसर की उपलब्धता कराने के लिये प्रारंभ की गई है। योजनांतर्गत टीकमगढ़ जिले में पिछड़ा वर्ग के बालक एवं बालिकाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया जायेगा। उन्होंने अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिसमें शारीरिक प्रशिक्षण के साथ-साथ सैद्धांतिक विषयों में भी प्रशिक्षण दिया जायेगा। यह प्रशिक्षण पूर्णतः निशुल्क एवं आवासीय है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत चयनित युवाओं को आवासीय सुविधा सहित प्रशिक्षित किया जाएगा, जिससे वे आगामी भर्ती प्रक्रियाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

इस अवसर पर श्रीमती पुष्पा यादव, श्री स्पनिल तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।