आलोट। आगामी ईद अल-अज़हा (बकरीद) पर्व को लेकर आलोट थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसीलदार पंकज पवैया, एसडीओपी पल्लवी गौर, थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम, नगर परिषद सीएमओ सीताराम चौहान, सब इंस्पेक्टर मनोज पाटीदार एवं सब इंस्पेक्टर प्रमोद राठौर सहित नगर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न समाजों के लोग मौजूद रहे।

बैठक के दौरान आगामी पर्व को शांति, अमन एवं सद्भावना के साथ मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक होते हैं, इसलिए सभी नागरिक मिल-जुलकर सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाएं एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

एसडीओपी पल्लवी गौर ने सभी नागरिकों से शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में ईद अल-अज़हा (बकरीद) का पर्व मनाने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश प्रसारित करने से बचें। साथ ही उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी नहीं की जाए तथा निर्धारित स्थानों पर ही धार्मिक परंपराओं का पालन किया जाए।

बैठक में नगर की साफ-सफाई व्यवस्था, पेयजल, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई।

नगर परिषद एवं पुलिस प्रशासन द्वारा पर्व के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया, ताकि नगर में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बना रहे।