*प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में मजबूत हो रहा देश का डिफेंस सेक्टर : मुख्यमंत्री डॉ. यादव*
*मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने शिवपुरी में 2,500 करोड़ रूपए के अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस प्लांट का किया भूमिपूजन*
*शिवपुरी जिले को दी 211 करोड़ रुपये से अधिक के 38 विकास कार्यों की सौगात*
*आयात करने वाला भारत अब बन गया है रक्षा उत्पादों का निर्यातक*
*आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को शिवपुरी से मिलेगी नई शक्ति*
*मेक इन इंडिया के तहत निवेश का हब बन रहा है ग्वालियर-चंबल क्षेत्र*
*शहर में 108 फीट की शिव प्रतिमा के साथ टूरिज्म सेंटर बनाया जाएगा*
*शिवपुरी जिले में सुभाषपुरा बनेगी नई तहसील, खोड़ में बनेगा नया कॉलेज, पिछोर के वीरा में पीएचसी खोला जाएगा*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हमारा मध्यप्रदेश तेज़ी से निवेश, उद्योग और रोजगार का विश्वसनीय केंद्र बन रहा है। मध्यप्रदेश आज सिर्फ़ एक विशाल औद्योगिक परियोजना का साक्षी नहीं, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के नए युग का उद्घोष कर रहा है। उन्होंने कहा कि अब भारत अपनी सुरक्षा के लिए किसी अन्य देश पर निर्भर नहीं है, बल्कि स्वदेश में निर्मित आधुनिक रक्षा उपकरणों के बल पर दुनिया के सामने अपनी सामर्थ्य का परिचय दे रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का डिफेंस सिस्टम बेहद मजबूत हो गया है। हमारी आंतरिक और बाहरी सुरक्षा और मजबूत हो गई है। प्रधानमंत्री की विजनरी लीडरशीप में रक्षा उत्पादों का आयात करने वाला हमारा देश अब बीते कुछ ही सालों में रक्षा उत्पादों का निर्यातक बन गया है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने में अब निजी क्षेत्र की भूमिका भी लगातार मजबूत हो रही है। भारत अब रक्षा क्षेत्र में भी आत्मनिर्भर हो गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारी डबल इंजन की सरकार ने ग्वालियर-चंबल को संबल दिया है। आज ग्वालियर-चंबल रीजन रक्षा क्षेत्र, एविएशन, लॉजिस्टिक और आधुनिक उद्योगों में निवेश का हब बनकर उभर रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को शिवपुरी शहर के पोलोग्राउंड में विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ शिवपुरी जिले के पाली में लगभग 2 हजार 500 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाले अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का पूजा-अर्चना कर विधिवत् शिलान्यास किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक से शिवपुरी जिले के लिए करीब 211 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 38 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया। इसमें 166.72 करोड़ रुपये की लागत के 28 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 44.57 करोड़ रुपये लागत के 10 विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 106 करोड़ रुपए की लागत से शिवपुरी जिले के करेरा, खनियांधाना और गणेश खेड़ा में नवनिर्मित सांदीपनि शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यिमक भवनों का लोकार्पण कर स्कूल चलें अभियान को नई गति दी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर कई अन्य सौगातें भी दीं। मुख्यमंत्री ने शिवपुरी शहर में बढ़ते यातायात से हो रही कठिनाई के समाधान के लिए यहां करीब 120 करोड़ रुपये लागत से 14 किमी फोरलेन (सर्कुलर रोड) बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवपुरी शहर में उचित स्थान पर 108 फीट की शिव प्रतिमा की स्थापना के साथ यहां एक सुंदर टूरिज्म सेंटर बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने शिवपुरी जिले में सुभाषपुरा को नई तहसील बनाने, खोड़ में नया शासकीय महाविद्यालय खोलने एवं पिछोर विधानसभा क्षेत्र के वीरा में नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि करेरा से भितरवार से समोहा डैम तक पक्की सड़क बनाई जाएगी। जिले की एक विधानसभा क्षेत्र में फल सब्जी मंडी भी खोली जाएगी। मुख्यमंत्री ने कोलारस विधानसभा क्षेत्र में एक नया सांदीपनि विद्यालय बनाने तथा जिला अस्पताल शिवपुरी में बच्चों के उपचार के लिए यहां 200 बिस्तरों का एक सर्वसुविधायुक्त अस्पताल खोलने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह अनाउंसमेंट की नही डेवलपमेंट की सरकार है। पिछले 6 महीने में हमने मध्यप्रदेश में सेवा, संकल्प और सुशासन का नया अध्याय लिखा है। हमारी इन्वेस्मेंट फ्रेंडली नीतियों और सरल प्रक्रियाओं से मध्यप्रदेश देश में निवेश का नया और भरोसेमंद केन्द्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि अडानी ग्रुप द्वारा स्थापित किया जा रहा यह अत्याधुनिक रक्षा उत्पादन केंद्र देश की सामरिक आवश्यकताओं की आपूर्ति करेगा। साथ ही रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी तकनीक, नवाचार और विनिर्माण क्षमता को भी नई गति देगा। इस डिफेंस प्रोडक्ट प्लांट में बनने वाले गोला बारूद और स्वदेशी मिसाइलें देश की सुरक्षा को और मजबूती देंगी, वहीं क्षेत्रीय युवाओं एवं जरूरतमंदों के लिए यहां करीब 4 से 5 हजार प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। स्थानीय लघु रक्षा उत्पादन इकाइयों को नई पहचान मिलेगी और एक सुदृढ़ सप्लाई चेन विकसित होगी, जिससे पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा मिलेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह अत्याधुनिक सुविधाओं में लैस यह प्लांट दक्षिण एशिया में निजी क्षेत्र का सबसे बड़ा मिसाइल इकोसिस्टम मैन्युफैक्चरिंग प्लांट होगा, जो देश की रक्षा उत्पादन क्षमता को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को एक मजबूत आधार भी देगा। उन्होंने कहा कि हमने राज्य में उद्योग, अधोसंरचना और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया है। इससे वैश्विक स्तर की मेगा मेन्यूफेक्चरिंग यूनिट्स (विशाल औद्योगिक परियोजना ईकाईयां) अब मधप्रदेश में स्थापित हो रही हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि शिवपुरी में स्थापित होने वाला यह रक्षा उत्पादन केंद्र क्षेत्रीय विकास का नया अध्याय लिखेगा और भारत को रक्षा क्षेत्र में अधिक आत्मनिर्भर एवं समर्थ बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
*देश के रक्षा उत्पादन नक्शे पर अब शिवपुरी का नाम भी : केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया*
केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यह भारत का दौर है। आज हमारा भारत आंख झुकाकर नहीं, आंख मिलाकर बात करता है। उन्होंने कहा कि भारत की पहचान अब एक प्रगतिकारक, आत्मनिर्भर और रक्षा उत्पाद निर्माता भारत के रूप में हो रही है। उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया, आत्मर्भिर भारत और डिफेंस कॉरिडोर जैसी दूरदर्शी नीतियों के परिणामस्वरूप भारत डिफेंस क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश की सीमाओं को मजबूती देने के लिए मिशन सुदर्शन चक्र और आकाश एयर डिफेंस सिस्टम तैयार किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि शिवपुरी की धरती पर आज अदाणी डिफेंस यूनिट का भूमिपूजन हो गया है। अब यहां विकास की नई इबारत लिखी जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में भोपाल में हुई ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में अदाणी ग्रुप के ऑनर श्री गौतम अदाणी ने मध्यप्रदेश में विभिन्न सेक्टर्स में कुल 1.10 लाख करोड़ रुपये का निवेश करने की घोषणा की थी। शिवुपरी में डिफेंस यूनिट की स्थापना श्री अदाणी की उसी घोषणा के परिपालन में धरातल में किया गया एक प्रयास है।
केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश देश का वह अनूठा प्रदेश है, जहां आने वाले निवेशकों का सिर्फ दिल ही नहीं, उनका विश्वास भी जीता जा रहा है। उन्होंने कहा कि अदाणी ग्रुप के इस डिफेंस प्लांट के निर्माण से न केवल हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि भारत के रक्षा उत्पाद मानचित्र में अब शिवपुरी जिले का नाम भी स्वर्ण अक्षरों से लिखा जाएगा। उन्होंने कहा कि बीते 5 सालों की अथक मेहनत के बाद आज शिवपुरी में इस डिफेंस प्लांट की स्थापना यह बताती है कि राज्य सरकार की औद्योगिक नीतियों के प्रति उद्योग जगत और निवेशकों का भरोसा दिनो-दिन बढ़ रहा है। शिवपुरी, ग्वालियर से कोटा एक्सप्रेसवे, आगरा-मुम्बई एक्सप्रेसवे सहित हर तरफ से देश से जुड़ा हुआ है। इससे यहां निवेश करने वाले उद्योगपतियों को लाजिस्टिक्स की सभी सुविधाएं मुहैया हो जाती है और इसीलिए यह पूरा क्षेत्र निवेश का उभरता पावर हाऊस बनता जा रहा है। इस क्षेत्र में नई-नई औद्योगिक इकाईयां स्थापित हो रही हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अदाणी ग्रूप की यह इकाई भारत की रक्षा आपूर्ति श्रृंखला को सार्थक बनाने की बड़ी भूमिका निभाएगी। इससे शिवपुरी ही नहीं, ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा।
*कार्यक्रम को अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।*
अदाणी समूह से श्री जीत अदाणी ने संबोधित करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश आज रक्षा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए दक्षिण एशिया के सबसे बड़े मिसाइल इकोसिस्टम की शुरूआत करने जा रहा है। यह अत्याधुनिक फैसिलिटी नेशनल डिफेंस के लिए रॉ मटेरियल से लेकर तैयार मिसाइलों तक का निर्माण एक ही परिसर में करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केन्द्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कुशल नेतृत्व तथा राज्य सरकार द्वारा इंफ्रास्ट्रक्चर और औद्योगिक विकास पर दिए गए विशेष फोकस के कारण मध्य प्रदेश आज देश की सबसे शक्तिशाली ग्रोथ स्टोरी के रूप में उभरा है।
विधायक श्री देवेन्द्र जैन ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम किया है। अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट से शिवपुरी में विकास एवं रोजगार का मार्ग प्रशस्त होगा। अब हमारा जिला शिवपुरी भी तीव्र गति से विकास करेगा।विधायक श्री जैन ने मुख्यमंत्री डॉ.यादव के समक्ष क्षेत्र के विकास के लिए कुछ मांगें भी रखी।
कोलारस विधायक श्री महेन्द्र यादव ने कहा कि अदाणी ग्रुप के द्वारा जो हमारे जिले में मिसाइलें बनेंगी तो हमारा जिला पूरे देश में जाना जाएगा। विधायक श्री यादव ने बदरवास के चिकित्सालय को 100 बिस्तरीय चिकित्सालय में तब्दील करने, बदरवास से बारई मार्ग को डबल रोड़ करने की मांग मुख्यमंत्री डॉ.यादव के समक्ष रखी।
जिलाध्यक्ष श्री जसमंत जाटव ने कहा कि शिवपुरी में 2500 करोड़ रुपये की लागत से डिफेंस फैक्ट्री का निवेश होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिवपुरी की पावन धरा ने विकास के नए कीर्तिमान रचे हैं। आज हमने केवल सड़क और पुल निर्माण तक ही सीमित न रहकर, देश की सुरक्षा का बड़ा जिम्मा उठाया है। इस फैक्ट्री की स्थापना से शिवपुरी का नाम भारत के मानचित्र पर स्वर्ण अक्षरों में अंकित हो गया है। यह उपलब्धि शिवपुरी जिले और विशेषकर कोलारस क्षेत्र को युगों-युगों तक पूरे देश में पहचान दिलाएगी।
*भूमिपूजन*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ जिले के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 44.57 करोड़ रुपये की लागत वाली 10 नवीन परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। इन महत्वपूर्ण कार्यों में पोहरी में 5 करोड़ 25 लाख 67 हजार रुपये की लागत का नवीन जनपद पंचायत भवन तथा खनियाधाना में 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाला सामुदायिक विवाह घर सम्मिलित है। इसके अतिरिक्त, शिक्षा एवं आवासीय सुविधाओं के विस्तार हेतु खनियाधाना, पिछोर एवं शिवपुरी में छात्रावासों (बालक/बालिका) एवं महाविद्यालयीन भवनों के उन्नयन के लिए लगभग 25 करोड़ 14 लाख 75 हजार रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। साथ ही, ग्रामीण कनेक्टिविटी को सुगम बनाने हेतु अमरोद से छोंच के बीच 13 करोड़ 66 लाख 76 हजार करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले पुल का भी भूमिपूजन संपन्न हुआ। ये परियोजनाएं क्षेत्र के सामाजिक और अधोसंरचनात्मक विकास को नई गति प्रदान करेंगी।
*लोकार्पण*
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा आज जिले के समग्र विकास के संकल्प को साकार करते हुए कुल 166.72 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 28 विकास कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया गया। इन प्रमुख परियोजनाओं में 106.31 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित करैरा, खनियाधाना एवं गणेशखेड़ा स्थित 'संदीपनि मॉडल स्कूल' तथा जिला चिकित्सालय परिसर में 16.63 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित 50-बिस्तरीय 'क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक' सम्मिलित हैं, जो क्षेत्र की शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने में मील का पत्थर सिद्ध होंगे। इसके अतिरिक्त, ग्राम देहरवारा एवं बड़ागांव में 2.96 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हाईस्कूल भवनों का लोकार्पण किया गया। जल जीवन मिशन के अंतर्गत 07 ग्रामों (बसई, मुहारिखुर्द, अमरपुरलाल, नदावन, बुकरई, चाचोरा एवं हीरापुर) में 5.99 करोड़ रुपये की लागत से नल-जल योजनाएं क्रियान्वित की गई हैं। साथ ही, शिवपुरी, पिछोर, बदरवास, पोहरी, कोलारस एवं नरवर विकासखंडों में 34.83 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित सड़कों, पुलों एवं मार्ग उन्नयन कार्यों का लोकार्पण पूर्ण कर जन-सुविधा हेतु उपलब्ध कराया गया है।
*इन हितग्राहियों को किया गया लाभान्वित*
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा शिवपुरी जिले में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। इस क्रम में मुख्यमंत्री उद्यम योजना के तहत श्री मोहित जैन को 43 लाख रुपये, श्री राहुल रघुवंशी को 75.34 लाख रुपये, डॉ. भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना के अंतर्गत श्री बलजीत कौर को 42 लाख रुपये और समूहों को बैंक ऋण योजना के तहत सीमा जाटव को 60 लाख व ज्योति जाटव को 26 लाख रुपये का लाभ दिया गया है। इसके अतिरिक्त म.प्र. एकीकृत मत्स्योद्योग नीति 2026 के अंतर्गत गोविन्द माहेश्वरी एण्ड एसोसियेट तथा विनीता सिंह तोमर आकृति एसोसियेट को 15-15 करोड़ रुपये की सहायता, साथ ही पीएम जनमन आवास योजना में श्री सोनू आदिवासी व श्रीमती रामप्यारी/सरवन आदिवासी को 2-2 लाख रुपये, भवन निर्माण योजना में श्रीमती आशाराम कुशवाह को 37 हजार रुपये व श्रीमती मालती खटीक को 40 हजार रुपये, मैत्री योजना में श्रीमती नीलम रजक को 50 हजार रुपये का लाभ पहुँचाया गया है। लाडली लक्ष्मी योजना के तहत भूमि प्रजापति को 1 लाख 43 हजार रूपए का स्वीकृति पत्र, कल्याणी विवाह सहायता योजना के तहत रानी जाटव, रामवती जाटव, सरिता धाकड़, कृष्णा जाटव को 2-2 लाख रूपए की सहायता राशि सहित विभिन्न योजना के तहत अन्य हितग्राहियों को भी हितलाभ का वितरण किया।
*कार्यक्रम में उपस्थिति*
इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री एवं जिले के प्रभारी श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, विधायकगण शिवपुरी श्री देवेन्द्र जैन, करैरा श्री रमेश खटीक, पिछोर श्री प्रीतम लोधी, कोलारस श्री महेन्द्र सिंह यादव, एपीएसईजेड मैनेजिंग डायरेक्टर श्री करण अदाणी, एएएचएल डायरेक्टर श्री जीत अदाणी, जिलाध्यक्ष श्री जसमंत जाटव, योग आयोग के अध्यक्ष डॉ.राघवेन्द्र शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा यादव, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा, शिवपुरी जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमलता रावत एवं पूर्व मंत्री श्री सुरेश राठखेडा, पूर्व विधायकगण में श्री माखनलाल राठौर, श्री प्रहलाद भारती, श्री नरेंद्र बिरथरे, श्री ओमप्रकाश खटीक, श्रीमती शकुन्तला खटीक, श्री रणवीर सिंह रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष श्री राजू बाथम और जिले के अन्य जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे।
कार्यक्रम में उद्योग विभाग के प्रमुख सचिव श्री राघवेंद्र सिंह, एम पी आईडीसी के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री चंद्रमौली शुक्ला, ग्वालियर संभागायुक्त श्री मनोज खत्री, आईजी श्री अरविंद कुमार सक्सेना, कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया, वनमण्डलाधिकारी श्री सुधांशु यादव सहित वरिष्ठ अधिकारीगणों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
Continue With Google
Comments (0)