आलोट। नगर के डॉ. अंबेडकर मांगलिक भवन में शनिवार को आलोट टेन्ट, लाईट, केटरिंग, साउंड, फ्लावर एवं जनरेटर एसोसिएशन द्वारा सम्मान एवं मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक डॉ. चिंतामणी मालवीय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि कालूसिंह परिहार, फेडरेशन ऑफ एमपी टेन्ट एसोसिएशन के महासचिव राजेश हार्डिया (इंदौर), संभागीय अध्यक्ष समीर उल हक (उज्जैन), उपाध्यक्ष आशुतोष वशिष्ठ (रतलाम), सचिव संदीप बोथरा (रतलाम) एवं रतलाम टेन्ट एसोसिएशन अध्यक्ष अनोखीलाल दख सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में अतिथियों का परिचय करणपाल सिंह सिसोदिया ने दिया तथा अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. चिंतामणी मालवीय ने कहा कि वर्तमान समय में किसी भी सामाजिक, धार्मिक एवं पारिवारिक आयोजन में टेन्ट, लाईट एवं साउंड व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका हो गई है।
इस व्यवसाय से हजारों लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलता है, इसलिए इसे छोटे उद्योग के रूप में पहचान मिलना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि विवाह सीजन, गणेश उत्सव, नवदुर्गा उत्सव एवं अन्य सार्वजनिक आयोजनों में टेन्ट व्यवसायियों की मांग बढ़ जाती है।
एसोसिएशन द्वारा लीज अथवा रियायती दर पर भूमि आवंटन की मांग रखी गई है, जिस पर गंभीरता से प्रयास किए जाएंगे तथा आवश्यकता पड़ी तो विधानसभा में भी यह मुद्दा उठाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद कार्यालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें अतिथियों एवं एसोसिएशन सदस्यों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
समारोह में संगठन अध्यक्ष करणपाल सिंह सिसोदिया, उपाध्यक्ष अशोक पाठक, सचिव राकेश चौहान, सह सचिव सद्दाम शेख, कोषाध्यक्ष शेख आबिद हुसैन सहित बड़ी संख्या में एसोसिएशन पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन राकेश चौहान ने किया जबकि आभार प्रदर्शन अशोक पाठक ने माना।ज्ञापन का वाचन भी उपाध्यक्ष अशोक पाठक द्वारा किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आलोट क्षेत्र के व्यापारियों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों का विशेष सहयोग रहा।
Continue With Google
Comments (0)