पटपरा नाले पर श्रमदान से बोरी बंधान, जल संरक्षण की ली शपथ

​जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में ग्राम मोहगांव रैयत में जल संचय अभियान के तहत हुआ आयोजन

​मोहगांव (मण्डला)। विकासखंड मोहगांव के सेक्टर क्रमांक 1 अंतर्गत ग्राम मोहगांव रैयत में शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को जल संचय अभियान के तहत पटपरा नाले पर श्रमदान से बोरी बंधान किया गया। बहते पानी को रोककर जल संचय करने की इस पहल का उद्देश्य स्थानीय निवासियों एवं मवेशियों के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा जल स्रोतों को स्वच्छ व संरक्षित रखना है।

​यह आयोजन मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद (योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, मध्य प्रदेश शासन) के निर्देशानुसार तथा जिला समन्वयक श्री सुशील बर्मन और विकासखंड समन्वयक श्रीमती सुशीला ठाकुर के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का संचालन नवांकुर संस्था बुढ़नेर, नर्मदा महिला संघ और ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति मोहगांव माल के माध्यम से ग्रामीणों, समूह व समिति सदस्यों तथा जनप्रतिनिधियों के सहयोग से हुआ।

​कार्यक्रम के दौरान लोगों को जल बचाने के प्रति जागरूक करने और समय पर पानी रोककर उसका सही उपयोग करने पर जोर दिया गया। साथ ही जल स्रोतों की साफ-सफाई को लेकर भी सामूहिक रूप से प्रयास किए गए।

​इस अवसर पर परामर्शदाता मीना विश्वकर्मा, नवांकुर संस्था की अध्यक्ष सरस्वती मरावी, समिति अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश झरिया, सचिव श्री शैल नंदा, गीता सरौते, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बसंती बैरागी, मीना सरौते, राजेश्वरी मरावी, सरोज उइके, पवन कुमार, CMCLDP के छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे। आयोजन के अंत में सभी उपस्थितजनों ने जल संरक्षण की शपथ ली।