17 माह से वेतन नहीं मिलने पर श्रमिकों का आक्रोश, नेपा मिल गेट से निकाली पैदल रैली

 

‘वेतन दो, वेतन दो’ के नारों से गूंजा क्षेत्र, सीएमडी के नाम सौंपा ज्ञापन

 

नेपानगर। नेपा लिमिटेड के श्रमिकों को पिछले 17 माह से वेतन नहीं मिलने के विरोध में आज श्रमिक संघ द्वारा मिल गेट से पैदल रैली निकाली गई। रैली नेपा गेट से ओवरब्रिज होते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर चौराहे पहुंची, जहां श्रमिकों ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान श्रमिकों ने ‘वेतन दो, वेतन दो’ और ‘नेपा मिल जिंदाबाद’ के नारे लगाकर अपना आक्रोश जताया।

 

रैली नेपा लिमिटेड के प्रशासनिक कार्यालय पहुंचकर सीएमडी के नाम ज्ञापन सौंपा। सीएमडी की अनुपस्थिति में सीजीएम राम एलीकेशन ने ज्ञापन ग्रहण किया।

 

17 माह से वेतन नहीं मिलने से परिवार चलाना मुश्किल

 

श्रमिक संघ अध्यक्ष प्रवीण सोनी ने बताया कि श्रमिकों को पिछले 17 माह से वेतन नहीं मिला है। वर्तमान में दो महीने से वेतन भुगतान नहीं होने के कारण श्रमिकों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। बच्चों की स्कूल फीस, घर का खर्च और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो रहा है। दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार पर भी श्रमिकों के सामने आर्थिक परेशानी बनी हुई है।

 

उन्होंने सवाल उठाया कि जब श्रमिकों को वेतन ही नहीं मिलेगा, तो वे अपने परिवार के साथ त्योहार कैसे मनाएंगे? उन्होंने कहा कि वेतन की समस्या को लेकर श्रमिक कई बार दिल्ली जाकर भी अपनी बात रख चुके हैं। सांसद एवं विधायक को भी समस्या से अवगत कराया गया और लिखित आवेदन दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है।

 

दीपावली से पहले वेतन मिलने की उम्मीद

 

ज्ञापन प्राप्त करने के बाद सीजीएम राम एलीकेशन ने माना कि वेतन भुगतान की समस्या है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दीपावली से पहले कोई अच्छी खबर मिल सकती है और श्रमिकों का बकाया वेतन भुगतान होने की संभावना है।

 

अब श्रमिकों को दीपावली से पहले वेतन मिलने का इंतजार है। सवाल यही है कि क्या इस बार श्रमिकों की दीपावली खुशियों के साथ मनेगी या उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ेगा?

 

Baait 01 प्रवीण सोनी अध्यक्ष श्रमिक संघ नेपानगर 

बाइट 02 राम एलीकेशन सीजीएम नेपा लिमिटेड