जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ, पर्यटन घाट पर चला विशेष स्वच्छता अभियान


नर्मदापुरम्। जिले में जल संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को “जल गंगा संवर्धन अभियान” का शुभारंभ पर्यटन घाट से किया गया। यह अभियान जिला प्रशासन एवं नगरपालिका प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों और समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
अभियान के तहत पर्यटन घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए घाट परिसर की साफ-सफाई की और जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया।
नपा उपयंत्री एवं अभियान की प्रभारी अधिकारी आयुषी रिछारिया ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जल स्रोतों का संरक्षण, स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य घाटों और जल स्रोतों पर भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ हिमांशू जैन, सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले, सहायक नोडल अधिकारी योगेश सोनी सहित संजय लुटारे, सतीष यादव, अनंत सिंह राजपूत, विजय कहार और अन्य समाजसेवीगण उपस्थित रहे।
अभियान के शुभारंभ के साथ ही प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि वे जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएं।