आलोट। क्षेत्र में लगातार सामने आ रहे संपत्ति एवं भूमि संबंधी विवादों के निराकरण को लेकर शनिवार को थाना आलोट परिसर में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे, जहां पुलिस प्रशासन द्वारा दोनों पक्षों की बात सुनकर आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई तथा विवादों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का प्रयास किया गया।

शिविर में एसडीओपी पल्लवी गौड़, तहसीलदार पंकज पवैया सहित थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम एवं उप निरीक्षक मनोज पाटीदार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम ने बताया कि संपत्ति विवादों को लेकर लगातार आवेदन प्राप्त हो रहे हैं। इसी उद्देश्य से थाना स्तर पर शिविर आयोजित कर आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रयास है कि विवाद बढ़ने से पहले ही वैधानिक प्रक्रिया एवं आपसी समझाइश के माध्यम से समाधान निकाला जाए।

एसडीओपी पल्लवी गौड़ ने भी उपस्थित लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं विवादों का समाधान प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत कराने की अपील की। शिविर के दौरान संबंधित पक्षों को दस्तावेजों के साथ उपस्थित रहने, कानून हाथ में नहीं लेने तथा प्रशासन का सहयोग करने की समझाइश दी गई।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।